देहरादून ब्यूरो | The Mountain Stories
उत्तराखंड सरकार शहरी क्षेत्रों में स्वास्थ्य सेवाओं को सुलभ और सुदृढ़ बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठा रही है। राज्य के 13 नगर निकाय क्षेत्रों में प्रथम चरण के तहत कुल 117 शहरी स्वास्थ्य एवं आरोग्य केंद्र स्थापित किए जाएंगे। यह योजना 15वें वित्त आयोग से प्राप्त 81.57 करोड़ रुपये की लागत से क्रियान्वित की जा रही है।
इस योजना का उद्देश्य शहरी आबादी, विशेषकर मलिन बस्तियों में रहने वाले लोगों को प्राथमिक स्वास्थ्य सेवाएं सुलभ कराना है। इन केंद्रों में प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र (PHC) के समान सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी, जिनमें सामान्य इलाज, स्वास्थ्य जांच और आवश्यक परामर्श शामिल होंगे।
शहरी विकास सचिव नितेश कुमार झा ने जानकारी दी कि यह परियोजना शहरी विकास विभाग और स्वास्थ्य विभाग के संयुक्त प्रयास से संचालित की जा रही है। उन्होंने बताया कि प्रथम चरण में 13 नगर निकायों में 117 केंद्रों की स्थापना का खाका तैयार किया गया है। केंद्र सरकार से आर्थिक सहयोग प्राप्त होने के बाद इस योजना को अब धरातल पर उतारा जा रहा है।
इन केंद्रों की स्थापना, अनुरक्षण और संचालन का जिम्मा ब्रेथवेट एंड कंपनी लिमिटेड को सौंपा गया है। अधिकारियों का कहना है कि जल्द ही यह केंद्र कार्यरत हो जाएंगे, जिससे स्थानीय निवासियों को उनके घर के पास ही बेहतर स्वास्थ्य सुविधा मिल सकेगी।
यहां खुलेंगे शहरी स्वास्थ्य एवं आरोग्य केंद्र:
| नगर निकाय | केंद्रों की संख्या |
|---|---|
| देहरादून | 34 |
| हरिद्वार | 27 |
| नैनीताल | 16 |
| पौड़ी | 05 |
| अल्मोड़ा | 02 |
| पिथौरागढ़ | 02 |
| टिहरी | 02 |
| उत्तरकाशी | 02 |
| बागेश्वर | 01 |
| चंपावत | 01 |
| चमोली | 01 |
| रुद्रप्रयाग | 01 |
यह पहल शहरी क्षेत्रों में बढ़ती जनसंख्या और स्वास्थ्य सेवाओं की मांग के बीच एक समयानुकूल और दूरदर्शी कदम के रूप में देखी जा रही है। योजना के सफल क्रियान्वयन के बाद इसे अन्य निकाय क्षेत्रों में भी विस्तार देने की तैयारी है।

