हरिद्वार हॉकी स्टेडियम का नाम नहीं बदलेगा, सीएम धामी ने वंदना कटारिया को दिया भरोसा

हरिद्वार, 31 मई: पिछले दिनों हरिद्वार स्थित वंदना कटारिया हॉकी स्टेडियम का नाम बदले जाने की अटकलों के बीच उपजा विवाद अब शांत होता नजर आ रहा है। प्रदेश की स्टार हॉकी खिलाड़ी वंदना कटारिया से आज मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने मुलाकात की और उन्हें स्पष्ट आश्वासन दिया कि स्टेडियम का नाम वंदना कटारिया हॉकी स्टेडियम ही रहेगा।

विपक्ष के विरोध के बाद सरकार ने दी सफाई
गौरतलब है कि हाल ही में स्टेडियम के नाम परिवर्तन की खबरें सामने आने के बाद कांग्रेस और अन्य विपक्षी दलों ने राज्य सरकार के खिलाफ विरोध प्रदर्शन किए थे। इस मुद्दे ने राजनीतिक तूल पकड़ लिया था, जिसके बाद सरकार को सार्वजनिक रूप से सफाई देनी पड़ी।

सीएम से मुलाकात के बाद वंदना ने जताया संतोष
मुख्यमंत्री धामी से मुलाकात के बाद वंदना कटारिया ने कहा, “मुझे स्टेडियम का नाम बदले जाने की जानकारी समाचारों से मिली थी, जो मेरे लिए दुखद था। यह मेरे नाम से ज़्यादा, एक खिलाड़ी के सम्मान का विषय है। आज सीएम से मिलकर इस भ्रम को दूर किया गया है।”

उन्होंने कहा, “मुख्यमंत्री का खिलाड़ियों के प्रति विशेष स्नेह है। वह स्वयं खेलों में रुचि रखते हैं और खिलाड़ियों की रिस्पेक्ट करते हैं।”

कई मुद्दों पर हुई चर्चा
वंदना कटारिया ने बताया कि उनकी मुख्यमंत्री से खेल अवसंरचना, महिला खिलाड़ियों की भागीदारी और खेलों को बढ़ावा देने जैसे कई विषयों पर सार्थक बातचीत हुई। उन्होंने मुख्यमंत्री का आभार व्यक्त किया कि उन्होंने स्वयं पहल कर मामले को स्पष्ट किया और खिलाड़ी के सम्मान को बरकरार रखा। वंदना कटारिया जैसे खिलाड़ियों के नाम पर बने स्टेडियम सिर्फ इमारत नहीं होते, बल्कि वे युवा खिलाड़ियों के लिए प्रेरणा का केंद्र होते हैं। नाम बदलने की अफवाहों से उपजी चिंता को मुख्यमंत्री की पहल ने समय रहते शांत किया, जो खेल संस्कृति के प्रति सकारात्मक संकेत है।

Team Tunwala.com

Learn More →