देहरादून में 3 महीने बाद ही दहेज के लिए गर्भवती महिला की संदिग्ध मौत, पति गिरफ्तार

देहरादून।

देहरादून के नेहरू कॉलोनी थाना क्षेत्र के रिस्पना नगर में शादी के महज तीन महीने बाद एक गर्भवती महिला की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। मृतका के मायके पक्ष ने ससुराल वालों पर दहेज के लिए हत्या का आरोप लगाया है। पुलिस ने शिकायत के आधार पर पति समेत पांच लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है और आरोपी पति को गिरफ्तार कर लिया है।

जानकारी के अनुसार रुद्रप्रयाग निवासी कहकशा आलम का निकाह 19 नवंबर 2025 को देहरादून निवासी शहबाज आलम से हुआ था। मायके पक्ष का आरोप है कि शादी में ससुराल पक्ष की मांग के अनुसार दहेज दिया गया था, लेकिन कुछ समय बाद ही अतिरिक्त दहेज के लिए कहकशा को मानसिक और शारीरिक रूप से प्रताड़ित किया जाने लगा। आरोप है कि ससुराल पक्ष सहस्रधारा रोड पर प्लॉट खरीदने के लिए करीब 50 लाख रुपये की मांग कर रहा था।

परिजनों के अनुसार 3 मार्च को कहकशा ने फोन कर बताया था कि पैसे को लेकर घर में झगड़ा हो रहा है। उसी रात करीब 1:30 बजे ससुराल पक्ष ने फोन कर बताया कि उसकी तबीयत खराब हो गई है और उसे अस्पताल ले जाया गया है।

जब परिजन देहरादून पहुंचे तो दून अस्पताल में डॉक्टरों ने बताया कि महिला को मृत अवस्था में ही अस्पताल लाया गया था। इसके बाद मायके पक्ष ने दहेज हत्या का आरोप लगाते हुए पुलिस में शिकायत दर्ज कराई।

परिजनों का दावा है कि पोस्टमॉर्टम की प्रारंभिक जानकारी में पता चला कि कहकशा दो महीने की गर्भवती थी और उसके शरीर पर कई चोट के निशान थे। एक हाथ टूटा हुआ था और यूट्रस में भी चोट के निशान मिले हैं, जिससे परिवार ने हत्या की आशंका जताई है।

परिवार के मुताबिक कहकशा ने हाल ही में 12वीं पास की थी और वह आगे चलकर पुलिस में सब-इंस्पेक्टर बनने की तैयारी करना चाहती थी।

पुलिस ने पति शहबाज आलम, सास खुशनुदा, ससुर यासीन, देवर सरताज और ननद शबनम के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस ने आरोपी पति को गिरफ्तार कर लिया है और मामले की जांच जारी है।

Anju Kunwar

Learn More →

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *