सेंट्रल रिजर्व पुलिस फोर्स (CRPF) में नौकरी की तलाश कर रहे युवाओं के लिए एक अच्छी खबर सामने आई है। विभाग द्वारा हेड कॉन्स्टेबल जीडी और कॉन्स्टेबल जीडी के कुल 521 रिक्त पदों पर स्पोर्ट्स कोटा के तहत भर्ती निकाली गई है। इस भर्ती के लिए इच्छुक और योग्य उम्मीदवार 12 अक्टूबर से आवेदन प्रक्रिया में भाग ले सकेंगे।

महत्वपूर्ण तिथियां और आवेदन प्रक्रिया
इस भर्ती के लिए ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया 12 अक्टूबर से शुरू होगी और आवेदन करने की अंतिम तिथि 11 नवंबर 2026 तय की गई है। यदि आवेदन पत्र में किसी प्रकार की त्रुटि या गलती हो जाती है, तो उम्मीदवार 12 से 24 नवंबर 2026 के बीच अपने फॉर्म में सुधार कर सकेंगे।
शैक्षणिक योग्यता और आयु सीमा
शैक्षणिक योग्यता की बात करें तो, कॉन्स्टेबल के पद पर आवेदन करने वाले उम्मीदवारों के लिए न्यूनतम 10वीं कक्षा उत्तीर्ण होना आवश्यक है। वहीं, हेड कॉन्स्टेबल जीडी पद के लिए उम्मीदवारों का 12वीं कक्षा पास होना अनिवार्य है। इसके साथ ही खेल योग्यता के तहत उम्मीदवारों ने विभिन्न राष्ट्रीय या अंतरराष्ट्रीय खेल प्रतियोगिताओं, खेलो इंडिया गेम्स, या यूनिवर्सिटी स्तर के टूर्नामेंट्स में भाग लिया हो या पदक हासिल किया हो।
भर्ती में शामिल होने के लिए उम्मीदवारों की न्यूनतम आयु 18 वर्ष और अधिकतम आयु 23 वर्ष निर्धारित की गई है। हालांकि, सरकारी नियमों के अनुसार आरक्षित वर्ग के उम्मीदवारों को ऊपरी आयु सीमा में नियमानुसार छूट प्रदान की जाएगी।
वेतनमान और चयन प्रक्रिया
चयन प्रक्रिया में पहचान की जांच, दस्तावेजों का सत्यापन, शारीरिक मानक परीक्षा, स्पोर्ट्स ट्रायल टेस्ट और मेडिकल परीक्षा शामिल होगी। सभी चरणों को सफलतापूर्वक पार करने के बाद हेड कॉन्स्टेबल (जनरल ड्यूटी) के पद पर चयनित उम्मीदवारों को 25,500 रुपये से लेकर 81,100 रुपये प्रति माह तक का वेतन मिलेगा। इसके अलावा, कॉन्स्टेबल (जनरल ड्यूटी) के पद पर चुने जाने वाले युवाओं को 21,700 रुपये से 69,100 रुपये प्रति माह तक सैलरी दी जाएगी।

