राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में रविवार को औसत वायु गुणवत्ता सूचकांक (एक्यूआई) 376 दर्ज किया गया, जो ‘बहुत खराब’ श्रेणी के अंतर्गत आता है। दिवाली के जश्न के बीच शहर के कई हिस्सों में धुंध की घनी परत और कम दृश्यता देखने को मिली है।

कई इलाकों में एक्यूआई 400 के पार
शहर में वायु गुणवत्ता की निगरानी करने वाले कुल 59 स्टेशनों में से 12 स्थानों पर एक्यूआई ‘गंभीर’ श्रेणी में पहुंच गया है, जबकि 22 जगहों पर यह ‘बहुत खराब’ स्थिति में रिकॉर्ड किया गया। जहांगीरपुरी में सबसे अधिक 463 एक्यूआई दर्ज किया गया। शनिवार को शहर का औसत एक्यूआई 369 था, जो रविवार को बढ़कर 376 हो गया।
प्रदूषण बढ़ने के मुख्य कारण
विशेषज्ञों के अनुसार, दिवाली का जश्न, वाहनों से निकलने वाला धुआं और आसपास के क्षेत्रों में पराली जलाए जाने की घटनाएं वायु प्रदूषण को बढ़ाने में मुख्य भूमिका निभा रही हैं। ‘डिसीजन सपोर्ट सिस्टम’ के आंकड़ों के मुताबिक, रविवार को प्रदूषण में परिवहन क्षेत्र की हिस्सेदारी सबसे ज्यादा लगभग 19 प्रतिशत दर्ज की गई, जबकि पराली जलाने का योगदान 3.5 प्रतिशत रहा।
आगे और गंभीर हो सकती है स्थिति
केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के मानकों के अनुसार, 301 से 400 के एक्यूआई को ‘बेहद खराब’ और 401 से 500 को ‘गंभीर’ श्रेणी माना जाता है। मौसम और वायु गुणवत्ता से जुड़े पूर्वानुमान तंत्र के मुताबिक, आने वाले कुछ दिनों तक राष्ट्रीय राजधानी की हवा ‘गंभीर’ श्रेणी में बनी रह सकती है, जिससे नागरिकों को सांस लेने में भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ सकता है।

