कांग्रेस की पूर्व अध्यक्ष सोनिया गांधी की संस्मरणात्मक पुस्तक ‘बिलॉन्गिंग: ए जर्नल ऑफ लव’ के प्रकाशन के साथ ही देश की राजनीति में नए विवाद खड़े हो गए हैं। इस किताब में उन्होंने ऑपरेशन ब्लू स्टार, 1984 के सिख विरोधी दंगों और 2002 के गुजरात दंगों से जुड़े कई मामलों पर अपने विचार रखे हैं, जिस पर राजनीतिक दलों की तरफ से तीखी प्रतिक्रियाएं सामने आ रही हैं।

ऑपरेशन ब्लू स्टार और इंदिरा गांधी से जुड़े खुलासे
पुस्तक में सोनिया गांधी ने लिखा है कि वर्ष 1984 में ‘ऑपरेशन ब्लू स्टार’ के बाद तत्कालीन प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी स्वर्ण मंदिर की तस्वीरें और वीडियो देखकर बेहद दुखी हुई थीं और उनकी आंखों से आंसू छलक आए थे। उन्होंने उल्लेख किया कि इंदिरा गांधी अनिच्छा के बावजूद सेना को यह कार्रवाई का आदेश देने के लिए मजबूर हुई थीं, क्योंकि भिंडरावाले और उनके सहयोगी 15 अगस्त को स्वर्ण मंदिर पर खालिस्तानी झंडा फहराकर अलग देश की घोषणा करने की योजना बना रहे थे। इसके अलावा, 1984 के सिख विरोधी दंगों के दौरान कार्रवाई में देरी को लेकर उन्होंने सफाई दी कि तत्कालीन सेना प्रमुख ने नजदीकी सैन्य टुकड़ियों को तैनात नहीं करने का फैसला किया था।
गुजरात दंगे और राजीव गांधी के पार्थिव अवशेष
गुजरात दंगों का जिक्र करते हुए सोनिया गांधी ने लिखा है कि वह एक सर्वदलीय प्रतिनिधिमंडल के साथ अहमदाबाद के राहत शिविरों का दौरा करने गई थीं, जहां एक व्यक्ति ने अपनी बच्ची के साथ हुई घटना के बारे में बताया था और उस वाकया ने उन्हें पूरी तरह झकझोर दिया था। उन्होंने यह भी लिखा कि दंगों के वक्त राज्य के मुख्यमंत्री नरेन्द्र मोदी थे और उन्हें उम्मीद थी कि तत्कालीन प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी उन्हें बर्खास्त कर देंगे। इसके अलावा, उन्होंने पुस्तक में यह भी साझा किया है कि पूर्व प्रधानमंत्री राजीव गांधी की हत्या के तीन दशक से अधिक समय बीतने के बाद भी उन्होंने विस्फोट के बाद उनके पार्थिव अवशेषों की तस्वीर नहीं देखी है, क्योंकि राहुल और प्रियंका गांधी ने उन्हें जानबूझकर उस भयावह तस्वीर से दूर रखा था।
भाजपा की कड़ी प्रतिक्रिया
सोनिया गांधी के इन संस्मरणों पर भारतीय जनता पार्टी ने तीखा विरोध जताया है। भाजपा नेताओं का कहना है कि इंदिरा गांधी द्वारा खुद ऑपरेशन का आदेश दिए जाने के बाद उनके दुखी होने का दावा तथ्यों के विपरीत है और यह सिख समुदाय के जख्मों पर नमक छिड़कने जैसा है। इस किताब के अंशों को लेकर राजनीतिक गलियारों में चर्चाएं तेज हो गई हैं।

