कुंभ मेले में बिछड़े बुजुर्ग को दो साल बाद मिला परिवार

कुंभ मेले में बिछड़े बुजुर्ग को दो साल बाद मिला परिवार

प्रयागराज कुंभ मेले में बिछड़ा बिहार का एक 65 वर्षीय बुजुर्ग आखिरकार दो साल के लंबे अंतराल के बाद अपने परिवार से मिल गया है। पुलिस की एक विशेष सत्यापन मुहिम के दौरान यह बुजुर्ग कलियर शरीफ परिसर मेंखोजा गया, जिसके बाद पुलिस ने सूझबूझ दिखाते हुए परिजनों से संपर्क साधा। इस भावुक मिलन के बाद परिवार में खुशी की लहर दौड़ गई है।

कुंभ मेले में बिछड़े बुजुर्ग को दो साल बाद मिला परिवार

सत्यापन अभियान के दौरान मिला बुजुर्ग

हरिद्वार के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर संदिग्ध परिस्थितियों में घूमने वाले और लावारिस लोगों की पहचान के लिए एंटी ह्यूमन ट्रैफिकिंग यूनिट और कलियर पुलिस की एक संयुक्त टीम का गठन किया गया था। इस अभियान के तहत पुलिस टीम जब कलियर शरीफ परिसर में गश्त कर रही थी, तब उन्हें एक बुजुर्ग व्यक्ति जूते के स्टॉल के पास पैसे और भोजन मांगते हुए मिला। पुलिस ने जब उससे पूछताछ की, तो उसने अपनी पहचान बिहार के औरंगाबाद जिले के कुटुंब थाना क्षेत्र के निवासी के रूप में दी।

कुंभ मेले में हो गए थे अलग

बुजुर्ग व्यक्ति ने पुलिस को बताया कि वह अपने गांव के अन्य लोगों के साथ प्रयागराज कुंभ मेले में स्नान करने गया था, जहां भीड़भाड़ के दौरान वह अपनों से बिछड़ गया। इसके बाद वह इधर-उधर भटकता रहा और परिवार से संपर्क साधने में असमर्थ रहा। पिछले दो वर्षों से परिजन लगातार उसकी तलाश कर रहे थे, लेकिन कोई सुराग नहीं मिल पा रहा था।

वीडियो कॉल के जरिए हुई पहचान

बुजुर्ग द्वारा बताए गए पते के आधार पर पुलिस दल ने स्थानीय पुलिस थाने से संपर्क किया और परिजनों की जानकारी जुटाई। इसके बाद पुलिस ने परिवार को बुजुर्ग की तस्वीर भेजी और वीडियो कॉल के जरिए उनकी बात कराई। वीडियो कॉल पर अपने पिता को देखकर केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल में उप-निरीक्षक के पद पर कार्यरत उनके बेटे की आंखें नम हो गईं। इसके बाद परिवार के लोग हरिद्वार पहुंचे और अपने पिता को गले लगाया।

पुलिस की सराहना

दो साल बाद अपने पिता से मिलने के बाद बेटे ने पुलिस टीम के काम की जमकर सराहना की और उत्तराखंड पुलिस का आभार जताया। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जिले में ऐसे लोगों की तलाश के लिए सत्यापन अभियान आगे भी जारी रहेगा ताकि बिछड़े हुए लोगों को उनके परिवारों से मिलाया जा सके।

Anju Kunwar

Learn More →