कोलाथुर से ‘तमिलगा वेत्री कझगम’ (TVK) के विधायक वीएस बाबू का 75 वर्ष की आयु में चेन्नई में निधन हो गया है। उन्होंने हाल ही में संपन्न हुए तमिलनाडु विधानसभा चुनाव में डीएमके अध्यक्ष एमके स्टालिन को उनके गढ़ में मात दी थी। निधन से पहले वे पिछले कई दिनों से अस्पताल में चिकित्सीय देखरेख में थे।

अस्पताल में चल रहा था इलाज
चेन्नई के एमजीएम हेल्थकेयर अस्पताल की ओर से जारी आधिकारिक बयान के अनुसार, वीएस बाबू को सांस से जुड़ी एक पुरानी समस्या के चलते अस्पताल में भर्ती कराया गया था। उन्हें आईसीयू में रखा गया था और तमाम मेडिकल कोशिशों के बावजूद उनकी सेहत में सुधार नहीं हुआ। अस्पताल में इलाज के दौरान उन्हें दिल का दौरा पड़ा, जिसके बाद उनका निधन हो गया।
विधानसभा चुनाव में दर्ज की थी बड़ी जीत
तमिलनाडु के राजनीतिक पटल पर वीएस बाबू ने हालिया विधानसभा चुनाव के दौरान बड़ा उलटफेर करते हुए एमके स्टालिन को हराया था। इस जीत के साथ ही उनकी लगभग दो दशकों के अंतराल के बाद विधानसभा में वापसी हुई थी। अपने राजनीतिक सफर के दौरान वह पहले डीएमके के टिकट पर विधायक चुने गए थे और चेन्नई उत्तर जिला सचिव की जिम्मेदारी भी संभाल चुके थे। इसके बाद वह कुछ समय के लिए एआईएडीएमके से जुड़े और फिर अभिनेता विजय की पार्टी टीवीके में शामिल हो गए थे।
पार्टी नेताओं ने दी श्रद्धांजलि
विधायक के निधन पर टीवीके पार्टी के नेताओं ने गहरा शोक व्यक्त किया है। पार्टी नेताओं ने उनके निधन को बड़ी क्षति बताते हुए कहा कि उन्होंने अपना पूरा जीवन उत्तरी चेन्नई के लोगों की सेवा के लिए समर्पित कर दिया था। आम जनता के बीच उनकी लोकप्रियता और संवाद शैली काफी सराही जाती थी।

