बॉलीवुड के जाने-माने फिल्मकार सूरज बड़जात्या अपनी पारिवारिक और भावनात्मक कहानियों के लिए दर्शकों के बीचखास पहचान रखते हैं। उनकी फिल्मों में बेहतरीन पारिवारिक माहौल के साथ एक गहरा संदेश भी छिपा होता है। इन दिनों वह अपनी आगामी फिल्म ‘ये प्रेम मोल लिया’ को लेकर चर्चा में हैं, जो सिनेमाघरों में रिलीज होने के लिए तैयार है। इस बीच, आइए नजर डालते हैं सूरज बड़जात्या की उन प्रमुख फिल्मों पर जिन्हें दर्शकों का भरपूर प्यार मिला है और जिन्हें IMDb पर बेहतरीन रेटिंग हासिल हुई है।

हम आपके हैं कौन (1994)
सलमान खान और माधुरी दीक्षित स्टारर यह पारिवारिक ड्रामा फिल्म इस सूची में पहले स्थान पर है। इस फिल्म को IMDb पर 7.5 की रेटिंग मिली है। अपने दौर में इस फिल्म ने सिनेमाघरों में एक नया चलन शुरू किया था। राजश्री प्रोडक्शन की इस फिल्म के परिधान, संवाद और संगीत आज भी दर्शकों के बीच लोकप्रिय हैं।
मैंने प्यार किया
बतौर निर्देशक सूरज बड़जात्या की यह पहली फिल्म थी, जिसने बॉक्स ऑफिस पर सफलता के नए आयाम गढ़े थे। इस फिल्म में एक अमीर लड़के और एक मैकेनिक की बेटी के बीच की प्रेम कहानी को बहुत ही खूबसूरती से पर्दे पर उतारा गया था। इस मूवी में सलमान खान और भाग्यश्री की जोड़ी को दर्शकों ने काफी सराहा था।
ऊंचाई (2022)
साल 2022 में रिलीज हुई फिल्म ‘ऊंचाई’ तीन बुजुर्ग दोस्तों की कहानी पर आधारित है। अमिताभ बच्चन, अनुपम खेर, डैनी और बोमन ईरानी जैसे दिग्गज कलाकारों से सजी इस फिल्म को IMDb पर 7.0 रेटिंग मिली है। इस कहानी में दिखाया गया है कि कैसे तीन दोस्त अपने एक दिवंगत साथी की याद को समर्पित करते हुए एवरेस्ट बेस कैंप की कठिन चढ़ाई पूरी करते हैं।
विवाह (2006)
शाहिद कपूर और अमृता राव अभिनीत फिल्म ‘विवाह’ को IMDb पर 6.7 रेटिंग प्राप्त हुई है। यह फिल्म अरेंज मैरिज के सफर और आपसी रिश्तों की गहराई को बहुत ही संवेदनशील तरीके से दर्शाती है, जहां प्रेम और पूनम के रिश्ते की परीक्षा एक दुर्घटना के बाद होती है।
हम साथ साथ हैं (1999)
संयुक्त परिवार की पृष्ठभूमि पर बनी यह फिल्म आज भी दर्शकों की पसंदीदा फिल्मों में शामिल है। इसे IMDb पर 6.4 की रेटिंग मिली है। यह कहानी एक आदर्श परिवार की एकता और आपसी रिश्तों में आने वाली छोटी-मोटी गलतफहमियों व चुनौतियों के इर्द-गिर्द घूमती है।

