इमरान हाशमी की नई एक्शन ड्रामा फिल्म ‘गनमास्टर जी9’ आज सिनेमाघरों में रिलीज हो गई है। इस फिल्म में मुख्य अभिनेता भगवान शिव के एक अनन्य भक्त की भूमिका निभा रहे हैं, जिनके पूरे शरीर पर शिव से जुड़े टैटू उकेरे गए हैं। फिल्म में एक्शन और सस्पेंस का बेहतरीन मिश्रण देखने को मिल रहा है।

हरिद्वार और मसूरी की खूबसूरत वादियों में शूटिंग
इस बहुप्रतिक्षित फिल्म की शूटिंग कई खूबसूरत और प्रसिद्ध स्थानों पर की गई है। फिल्म के महत्वपूर्ण दृश्यों और क्लाइमैक्स की शूटिंग उत्तराखंड के हरिद्वार जिले के बहादराबाद, ज्वालापुर, श्रवण नाथ नगर और हर की पौड़ी के पास के इलाकों में पूरी की गई है। इसके अलावा, मसूरी की माल रोड और आसपास की पहाड़ियों के साथ-साथ देहरादून के शहरी और ग्रामीण इलाकों में भी कैमरे चलाए गए हैं। उत्तराखंड के अलावा मुंबई में फिल्म के शानदार कार एक्शन सीक्वेंस फिल्माए गए हैं, जिससे कहानी में रोमांच और बढ़ जाता है।
टीवी जगत के कई जाने-माने कलाकार आए नजर
फिल्म ‘गनमास्टर जी9’ में केवल बॉलीवुड सितारे ही नहीं, बल्कि टेलीविजन और ओटीटी के कई लोकप्रिय चेहरे भी अहम भूमिकाओं में दिखाई दे रहे हैं। फिल्म की स्टार कास्ट में अंकित मोहन, समर्थ जुरेल, सुकृत देव और अवनीत कौर जैसे नाम शामिल हैं। कलाकारों की इस मिली-जुली फौज ने फिल्म के विभिन्न किरदारों को पर्दे पर जीवंत किया है।
बॉक्स ऑफिस कलेक्शन और समीक्षा
देशभर में इस फिल्म को बड़ी संख्या में शोज के साथ प्रदर्शित किया गया है। शुरुआती आंकड़ों के अनुसार, फिल्म ने पहले दिन अच्छा प्रदर्शन करते हुए बॉक्स ऑफिस पर अपनी पकड़ बनाई है। समीक्षकों के मुताबिक, फिल्म का पहला हिस्सा थोड़ा लंबा जरूर लग सकता है, लेकिन दूसरा भाग कई ट्विस्ट और सस्पेंस के साथ दर्शकों को बांधे रखता है।

