परिसीमन विधेयक पर बहस के दौरान क्यों चर्चा में आया ‘जैरीमेंडरिंग’ शब्द

परिसीमन विधेयक पर बहस के दौरान क्यों चर्चा में आया 'जैरीमेंडरिंग' शब्द

संसद में परिसीमन विधेयक पर चल रही बहस के बीच ‘जैरीमेंडरिंग’ शब्द राजनीतिक चर्चा का मुख्य केंद्र बन गया है। इस शब्द का उपयोग चुनावी लाभ प्राप्त करने के लिए राजनीतिक रूप से निर्वाचन क्षेत्रों की सीमाओं में फेरबदल करने की प्रक्रिया को दर्शाने के लिए किया जा रहा है। विपक्षी दलों का मानना है कि इस प्रकार की प्रक्रियां आगामी चुनावों के परिणामों को प्रभावित कर सकती हैं।

परिसीमन विधेयक पर बहस के दौरान क्यों चर्चा में आया 'जैरीमेंडरिंग' शब्द

क्या होता है ‘जैरीमेंडरिंग’ का अर्थ?

सरल शब्दों में कहें तो ‘जैरीमेंडरिंग’ वह प्रक्रिया है जिसमें किसी राजनीतिक दल को वास्तविक जनसमर्थन से अधिक सीटें जिताने के उद्देश्य से चुनावी क्षेत्रों की भौगोलिक सीमाओं को नए सिरे से तय किया जाता है। इसके मुख्य रूप से दो तरीके होते हैं, जिन्हें ‘पैकिंग’ और ‘क्रैकिंग’ कहा जाता है। ‘पैकिंग’ के अंतर्गत विरोधी दल के समर्थकों को कुछ ही क्षेत्रों में सीमित कर दिया जाता है, जिससे वे उन सीटों पर तो भारी मतों से जीत जाते हैं लेकिन अन्य क्षेत्रों में उनका प्रभाव घट जाता है। वहीं ‘क्रैकिंग’ के तहत विरोधी मतदाताओं को कई निर्वाचन क्षेत्रों में इस तरह वितरित किया जाता है कि वे हर जगह अल्पसंख्यक बन जाएं। इन दोनों ही तरीकों में मतदाता सूची से नाम हटाए बिना केवल भौगोलिक समूहों के जरिए राजनीतिक लाभ उठाया जाता है।

कहां से हुई इस शब्द की शुरुआत?

ऐतिहासिक रूप से ‘जैरीमेंडरिंग’ शब्द की उत्पत्ति वर्ष 1812 में संयुक्त राज्य अमेरिका में हुई थी। यह शब्द मैसाचुसेट्स के गवर्नर एलब्रिज गेरी के नाम और छिपकली जैसी आकृति वाले ‘सैलामैंडर’ शब्द को मिलाकर बनाया गया था। गवर्नर गेरी ने एक ऐसे विधेयक पर हस्ताक्षर किए थे जिससे उनकी पार्टी को चुनावी फायदा मिल सके। इसके बाद से ही निर्वाचन क्षेत्रों की सीमाओं में अनुचित राजनीतिक बदलाव करने की इस प्रथा के लिए इसी शब्द का प्रयोग किया जाने लगा है।

कौन निर्धारित करता है निर्वाचन क्षेत्रों की सीमाएं?

भारत में निर्वाचन क्षेत्रों की सीमाओं को तय करने की जिम्मेदारी एक उच्च-स्तरीय निकाय यानी ‘परिसीमन आयोग’ की होती है। देश में अब तक परिसीमन आयोग अधिनियम के तहत वर्ष 1952, 1963, 1973 और 2002 में चार बार ऐसे आयोगों का गठन किया जा चुका है। इस आयोग के आदेशों को कानूनी दर्जा प्राप्त होता है और इन्हें न्यायालय में चुनौती नहीं दी जा सकती। साथ ही संसद या राज्य विधानसभाएं भी इन आदेशों में किसी प्रकार का संशोधन नहीं कर सकती हैं, जिसके कारण इस प्रक्रिया की निष्पक्षता को लेकर विपक्षी दलों द्वारा चिंता व्यक्त की जा रही है।

Anju Kunwar

Learn More →