राखी, राहत और रिश्ता – आपदा के बीच मानवीय संवेदनाओं का अनोखा उदाहरण

रेस्क्यू की गई अहमदाबाद की धनगौरी ने अपने दुपट्टे का एक टुकड़ा फाड़कर सीएम धामी की कलाई पर बांध दी राखी।

धराली (उत्तरकाशी): उत्तरकाशी जनपद के धराली क्षेत्र में आई भीषण आपदा के बीच शुक्रवार को मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के निरीक्षण के दौरान एक ऐसा भावुक क्षण सामने आया, जिसने सभी की आंखें नम कर दीं।

गुजरात के अहमदाबाद स्थित ईशनपुर निवासी धनगौरी बरौलिया अपने परिवार के साथ गंगोत्री दर्शन के लिए उत्तराखंड आई थीं। 5 अगस्त को आई आपदा के कारण वे धराली में फंस गईं। मार्ग अवरुद्ध होने, मलबे और तेज बहाव के चलते स्थिति बेहद कठिन हो गई थी।

प्रदेश सरकार के निर्देश पर राहत और बचाव दलों ने तुरंत कार्रवाई शुरू की। मुख्यमंत्री स्वयं तीन दिनों से लगातार क्षेत्र में रहकर कार्यों की निगरानी कर रहे थे। रेस्क्यू टीमों के अथक प्रयासों से धनगौरी बरौलिया और उनके परिवार को सुरक्षित बाहर निकाला गया।

रक्षाबंधन से एक दिन पहले, जब मुख्यमंत्री प्रभावित क्षेत्र का जायजा ले रहे थे, तब भावुक हुईं बरौलिया ने अपने दुपट्टे का एक टुकड़ा फाड़कर उसे राखी के रूप में मुख्यमंत्री धामी की कलाई पर बांध दिया। यह दृश्य वहां मौजूद सभी के हृदय को छू गया।

मुख्यमंत्री ने इस भावनात्मक क्षण को विनम्रता से स्वीकार करते हुए कहा कि प्रदेश सरकार इस कठिन समय में हर प्रभावित नागरिक के साथ है और राहत, पुनर्वास तथा पुनर्निर्माण के लिए पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रही है।

धराली जैसे दुर्गम क्षेत्र में घटित यह घटना आपदा के बीच आशा, विश्वास और सामाजिक एकजुटता की प्रेरणादायक मिसाल बन गई।

Team Tunwala.com

Learn More →