उत्तराखंड के पिथौरागढ़ जिले के बेरीनाग विकासखंड के अंतर्गत आने वाले पांखू क्षेत्र के डाडल गांव में एक महिला पर भालू ने अचानक हमला कर दिया। इस घटना में महिला के पैर में गंभीर घाव हो गए हैं और उनका इलाज अस्पताल में चल रहा है।

घास काटते समय हुआ हमला
डाडल गांव की रहने वाली 52 वर्षीय चम्पा देवी गांव के पास ही घास काट रही थीं। इसी दौरान अचानक एक भालू वहां आ धमका और उसने महिला पर हमला कर दिया। भालू ने उनके पैर को बुरी तरह काट लिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गईं। महिला की चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोग तुरंत मौके की तरफ दौड़े।
अस्पताल में जारी है इलाज
मौके पर पहुंचे ग्रामीणों ने शोर मचाकर भालू को वहां से खदेड़ा और जंगल की तरफ भगाया। इसके तुरंत बाद परिजनों और ग्रामीणों ने घायल महिला को इलाज के लिए जिला अस्पताल बागेश्वर पहुंचाया, जहां डॉक्टरों की देखरेख में उनका उपचार किया जा रहा है।

क्षेत्र में पहले से था भालुओं का खौफ
स्थानीय लोगों का कहना है कि डाडल और आसपास के इलाकों में पिछले कुछ समय से कई भालू एक साथ घूम रहे हैं, जिससे पूरे क्षेत्र में डर का माहौल बना हुआ है। कुछ समय पहले वन विभाग ने जाल लगाकर एक भालू के बच्चे को भी रेस्क्यू किया था। इस घटना के बाद वन विभाग की टीम ने घटनास्थल का दौरा कर स्थिति का जायजा लिया और जानकारी जुटाई।
ग्रामीणों ने की गश्त बढ़ाने की मांग
बार-बार भालुओं के दिखने और हमले की घटनाओं से डरे हुए ग्रामीणों ने वन विभाग से क्षेत्र में गश्त बढ़ाने की मांग की है। लोगों का कहना है कि सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए जाने चाहिए ताकि महिलाएं, बच्चे और बुजुर्ग सुरक्षित रह सकें। वन विभाग की टीम ने भी लोगों से सतर्क रहने की अपील की है।

