उत्तराखंड: केबीसी इनाम का झांसा देकर व्यक्ति से डेढ़ करोड़ रुपये की ठगी

उत्तराखंड: केबीसी इनाम का झांसा देकर व्यक्ति से डेढ़ करोड़ रुपये की ठगी

उत्तराखंड के रुद्रप्रयाग जिले के उखीमठ तहसील क्षेत्र में साइबर ठगी का एक बड़ा मामला सामने आया है। यहाँ एक 54 वर्षीय व्यक्ति को कौन बनेगा करोड़पति (KBC) के नाम पर लगभग 1.50 करोड़ रुपये का चूना लगाया गया है। ठगों ने फेसबुक पर चल रहे एक गेम के जरिए पीड़ित को भारी भरकम इनामी राशि और कार मिलने का झांसा दिया था।

उत्तराखंड: केबीसी इनाम का झांसा देकर व्यक्ति से डेढ़ करोड़ रुपये की ठगी

फेसबुक गेम और व्हाट्सएप के जरिए बनाया शिकार

जानकारी के अनुसार, पीड़ित ने इसी साल जनवरी महीने में फेसबुक पर ‘KBC चेहरा पहचानो’ गेम में भाग लिया था। इसके कुछ समय बाद उन्हें एक संदेश मिला कि उन्होंने 8.5 लाख रुपये जीत लिए हैं। इसके बाद नितिन नाम के एक व्यक्ति ने व्हाट्सएप के जरिए उनसे संपर्क साधा और इनाम की रकम जारी करने के नाम पर टैक्स के रूप में शुरुआती पैसे जमा कराए।

दिग्गज हस्तियों की तस्वीरें भेजकर किया भरोसा मजबूत

ठगों ने पीड़ित का भरोसा जीतने के लिए कई हथकंडे अपनाए। आरोपियों ने प्रधानमंत्री, एक जाने-माने उद्योगपति और एक प्रसिद्ध अभिनेता की तस्वीरें तथा भारतीय रिजर्व बैंक (RBI) के फर्जी दस्तावेज व्हाट्सएप पर भेजे। ठगों ने उन्हें विश्वास दिलाया कि इनाम की राशि के साथ-साथ उन्हें एक चार पहिया वाहन भी मिलेगा। लालच में आकर पीड़ित लगातार उनके संपर्क में बना रहा।

उत्तराखंड: केबीसी इनाम का झांसा देकर व्यक्ति से डेढ़ करोड़ रुपये की ठगी

मार्च से सितंबर के बीच ट्रांसफर किए गए पैसे

शिकायत के मुताबिक, इसी साल मार्च से सितंबर के दौरान ठगों ने टैक्स और अन्य शुल्कों के नाम पर अलग-अलग बैंक खातों में पैसे डलवाए। पीड़ित ने बैंक ऑफ बड़ौदा, भारतीय स्टेट बैंक, चमोली जिला सहकारी बैंक और उत्तराखंड ग्रामीण बैंक के खातों से यह रकम भेजी। यहाँ तक कि मांग पूरी करने के लिए उन्होंने जान-पहचान के लोगों से उधार लेकर भी पैसे ट्रांसफर किए और कुल मिलाकर डेढ़ करोड़ रुपये गंवा दिए।

पुलिस ने दर्ज किया मुकदमा

जब बार-बार पैसे देने के बाद भी न तो इनाम मिला और न ही कार, बल्कि ठगों की मांग लगातार बढ़ती गई, तब पीड़ित को धोखाधड़ी का अहसास हुआ। इसके बाद उन्होंने देहरादून साइबर क्राइम पुलिस स्टेशन में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने इस मामले में आईटी एक्ट और बीएनएस की विभिन्न धाराओं के तहत अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है और मोबाइल नंबरों, बैंक खातों तथा लेनदेन के आधार पर छानबीन की जा रही है।

Anju Kunwar

Learn More →