बॉलीवुड अभिनेत्री सारा अली खान एक बार फिर अपनी केदारनाथ यात्रा को लेकर चर्चा में आ गई हैं। हाल ही में अभिनेत्री ने केदारनाथ धाम पहुंचकर दर्शन किए थे, जिसके बाद उनके खिलाफ एक इस्लामिक धर्मगुरु द्वारा फतवा जारी किया गया है। अभिनेत्री की इस यात्रा को लेकर धार्मिक हलकों में प्रतिक्रियाएं सामने आ रही हैं।

केदारनाथ दर्शन पर क्यों हुआ विवाद
अभिनेत्री सारा अली खान ने बीते 25 अक्टूबर को केदारनाथ मंदिर जाकर दर्शन किए थे। सामने आए वीडियो में उन्हें मंदिर में लाइन में खड़े हुए भी देखा गया था। इस यात्रा के बाद बरेलवी उलेमा मौलाना मुफ्ती शहाबुद्दीन रजवी ने उनके खिलाफ फतवा जारी किया। उनका कहना है कि इस्लाम की शरीयत के मुताबिक कोई भी मुसलमान, चाहे वह पुरुष हो या महिला, किसी अन्य धर्म के पूजा-स्थल पर जाकर पूजा-पाठ नहीं कर सकता है।
तौबा करने और माफी मांगने की बात
मौलाना ने वीडियो के माध्यम से कहा कि सारा अली खान द्वारा मंदिर में पूजा-पाठ करना शरीयत के नियमों के विरुद्ध है। उन्होंने अभिनेत्री को इस कृत्य के लिए गुनहगार करार देते हुए तौबा करने और माफी मांगने की बात कही है। साथ ही यह भी कहा गया है कि यदि वह ऐसा नहीं करती हैं, तो इसे धार्मिक नियमों के खिलाफ माना जाएगा।
केदारनाथ से पुराना जुड़ाव
बता दें कि सारा अली खान का केदारनाथ से पुराना और गहरा नाता रहा है। साल 2017 में अपनी फिल्म की शूटिंग के दौरान उन्होंने लंबे समय तक वहां समय बिताया था। इसके बाद से वह कई बार अलग-अलग मौकों पर केदारनाथ धाम के दर्शन करने जा चुकी हैं। हालांकि, इस बार उनकी यात्रा पर उठे विवाद ने तूल पकड़ लिया है।

