पुरुषों के लिए शेविंग करना ग्रूमिंग रूटीन का एक आम हिस्सा है, लेकिन यदि इसे सही तरीके से न किया जाए तो त्वचा को नुकसान पहुंच सकता है। चेहरे की संवेदनशील त्वचा पर रोजाना रेजर चलाने से रेडनेस, इरीटेशन और कट्स जैसी समस्याएं हो सकती हैं। डर्मेटोलॉजिस्ट ने ऐसे कुछ आसान उपाय साझा किए हैं, जिन्हें अपनाकर आप शेविंग के दौरान त्वचा को स्वस्थ रख सकते हैं।

मल्टीब्लेड रेजर के इस्तेमाल से बचें
अक्सर लोग एकदम क्लोज शेव पाने के लिए मल्टीब्लेड रेजर का उपयोग करते हैं, जिससे त्वचा पर जलन और रेजर बंप्स का खतरा बढ़ जाता है। ऐसे रेजर के इस्तेमाल से बाल दोबारा उगते समय अंदर की तरफ मुड़ने लगते हैं, जिसे इंग्रोन हेयर कहा जाता है। इसके बजाय सिंगल या डबल ब्लेड रेजर का इस्तेमाल करना अधिक फायदेमंद माना जाता है।
शेविंग से पहले चेहरे को करें गीला
शेव करने से पहले चेहरे को पानी से अच्छी तरह भिगोना बहुत जरूरी है ताकि बाल मुलायम हो जाएं और रेजर आसानी से त्वचा पर फिसल सके। इसके अलावा, फ्रिक्शन को कम करने के लिए अल्कोहल-फ्री शेविंग फोम या जेल का उपयोग किया जा सकता है। हमेशा बालों की ग्रोथ की दिशा में ही रेजर चलाना चाहिए, क्योंकि उल्टी दिशा में शेव करने से स्किन पर रैशेज हो सकते हैं।
आफ्टरशेव और मॉइश्चराइजर का सही इस्तेमाल
शेविंग के बाद हर किसी के लिए आफ्टरशेव का उपयोग करना आवश्यक नहीं होता है। यदि आप इसका इस्तेमाल करना चाहते हैं, तो यह सुनिश्चित करें कि उत्पाद अल्कोहल-फ्री हो ताकि त्वचा पर जलन न हो। आफ्टरशेव की जगह एक अच्छा मॉइश्चराइजर लगाना त्वचा की नमी बनाए रखने और जलन को शांत करने में मदद करता है।
रेजर ब्लेड की साफ-सफाई का रखें ध्यान
शेविंग पूरी होने के बाद रेजर को पानी से अच्छी तरह धोकर साफ करना चाहिए ताकि उसमें बाल और फोम न फंसे रहें। इसके बाद ब्लेड को सुखाकर किसी सूखी जगह पर रखना आवश्यक है। एक ब्लेड का इस्तेमाल केवल कुछ ही बार करना चाहिए और यदि उस पर जंग लग गया है, तो उसे तुरंत बदल देना चाहिए।

