भारतीय संस्कृति और महाकाव्य रामायण पर आधारित कई प्रस्तुतियां अब तक सामने आ चुकी हैं, लेकिन पर्दे पर कुछ ही रूपों को विशेष सराहना मिली है। रामानंद सागर के धारावाहिक के अलावा एक खास जापानी एनिमेटेड फिल्म ने भी दर्शकों के दिलों में गहरी जगह बनाई है। यह फिल्म अपनी बेहतरीन कलाकारी और अनूठी प्रस्तुति के कारण आज भी लोगों के बीच चर्चा का विषय बनी रहती है।

बेहतरीन एनिमेशन और इंडो-जापानी सहयोग
साल 1993 में रिलीज हुई जापानी एनिमेटेड फिल्म ‘रामायण: द लीजेंड ऑफ प्रिंस राम’ का निर्देशन यूगो साको ने किया था। लगभग 80 करोड़ रुपये की लागत से तैयार इस इंडो-जापानी प्रोजेक्ट में रामायण के हर पात्र को बेहद खूबसूरती और सूक्ष्मता के साथ पर्दे पर उतारा गया। इसकी बेहतरीन डिटेलिंग और उच्च स्तर की कला के कारण बहुत से दर्शकों को पहली बार में यह भ्रम हो जाता है कि इसे किसी भारतीय ने ही बनाया होगा।
IMDb पर शानदार रेटिंग और ओटीटी उपलब्धता
इस एनिमेटेड फिल्म की लोकप्रियता का अंदाजा इसकी रेटिंग से लगाया जा सकता है। जहां रामानंद सागर की रामायण को IMDb पर 10 में से 9 की रेटिंग प्राप्त है, वहीं इस जापानी एनिमेटेड फिल्म को 10 में से 9.1 की रेटिंग मिली है। जो दर्शक इस अद्भुत रचना को देखना चाहते हैं, वे इसे ओटीटी प्लेटफॉर्म अमेजन प्राइम वीडियो पर आसानी से देख सकते हैं।
क्यों करनी पड़ी थी दो बार हिंदी डबिंग?
इस फिल्म की लोकप्रियता इतनी अधिक थी कि इसकी हिंदी डबिंग दो बार कराई गई। जब यह फिल्म वर्ष 1993 में आई थी, तब अरुण गोविल, अमरीश पुरी, शत्रुघ्न सिन्हा, नम्रता साहनी और शक्ति सिंह जैसे जाने-माने कलाकारों ने इसके किरदारों के लिए अपनी आवाज दी थी। इसके बाद जब साल 2025 में इसका 4K रीमास्टर्ड वर्जन तैयार किया गया, तब नए फॉरमैट के तहत डबिंग कलाकारों को बदला गया और युद्धवीर दहिया, सोनल कौशल, राजेश जौली तथा अर्चित मौर्य जैसे कलाकारों ने इसमें अपनी आवाज दी।

