आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) तकनीक के तेजी से बढ़ते दायरे ने विज्ञान और शोध के क्षेत्र में एक नई बहस को जन्म दे दिया है। जब मशीनें खुद ही परिकल्पनाएं लिखने, प्रयोगों को डिजाइन करने और उनके नतीजे प्रस्तुत करने में सक्षम हो जाती हैं, तो ज्ञान की विश्वसनीयता और उसके स्रोतों की पारदर्शिता पर सवाल उठना स्वाभाविक है। विशेषज्ञों का मानना है कि वैज्ञानिक सत्य हमेशा से संस्थानों की साख और सामाजिक प्रक्रिया से जुड़ा रहा है, लेकिन अब यह स्वामित्व धीरे-धीरे इंसानों से मशीनों के पास जा रहा है।

विज्ञान में संस्थागत साख और मशीनी शोध
ह्वार्ड यूनिवर्सिटी के प्रोफेसर स्टीवन शेपिन के अनुसार, वैज्ञानिक सत्य की स्थापना इस बात पर निर्भर करती है कि उस पर साथी वैज्ञानिक कितना भरोसा करते हैं। विज्ञान में प्रतिष्ठा केवल विचारों से नहीं, बल्कि प्रयोगशालाओं और संस्थानों की साख से बनती है। हालांकि, पिछले कुछ दशकों में शोध व्यवस्था का ध्यान इस बात से हट गया है कि नतीजों को कितना समझा गया है, और पूरा जोर इस बात पर आ गया है कि वे कितने उपयोगी हैं। इस बदलाव ने ऐसी व्यवस्था तैयार कर दी है जहाँ ऑटोनॉमस रिसर्च सिस्टम आसानी से काम कर रहे हैं।
ऑटोनॉमस एआई सिस्टम और उनके परिणाम
हाल के वर्षों में कई ऐसे उदाहरण सामने आए हैं जहाँ एआई सिस्टम्स ने बिना इंसानी मदद के शोध पत्र लिखे और पीयर रिव्यू की प्रक्रिया को भी पार किया। कुछ संस्थानों के एआई टूल्स ने तो नए उपचारों और दवाओं की पहचान के लिए हाइपोथीसिस तैयार कर प्रयोगों का विश्लेषण तक किया है। इंटरनेट पर प्रकाशित होने वाली सामग्री का एक बड़ा हिस्सा अब एआई के जरिए तैयार किया जा रहा है, जिससे डिजिटल फॉरेंसिक विशेषज्ञों के लिए भी असली और नकली में फर्क करना मुश्किल हो गया है।

गलती होने पर किसकी होगी जवाबदेही?
सबसे बड़ा सवाल यह है कि यदि कोई एआई प्रणाली किसी नई दवा या वैक्सीन को विकसित करती है और भविष्य में कुछ गलत हो जाता है, तो इसके लिए जिम्मेदार किसे माना जाएगा? आम तौर पर इंसान से सवाल पूछे जा सकते हैं, गलतियां सुधरवाई जा सकती हैं और दावे वापस लेने के लिए कहा जा सकता है, लेकिन किसी एआई मॉडल के साथ ऐसा करना संभव नहीं है। यही कारण है कि तकनीकी नैतिकता और जवाबदेही को लेकर नए सिरे से विचार करने की आवश्यकता महसूस की जा रही है।

