बॉलीवुड के प्रसिद्ध अभिनेता शाहरुख खान ने हाल ही में दुबई में आयोजित एक कार्यक्रम के दौरान अपने घर ‘मन्नत’ से जुड़ी कुछ दिलचस्प बातें साझा कीं। उन्होंने मजाकिया अंदाज में बताया कि उनके घर में इंटीरियर और अन्य व्यवस्थाओं से जुड़े मामलों में उनकी कोई खास मर्जी नहीं चलती है।

मन्नत में इन चीजों पर नहीं है बोलने की आजादी
कार्यक्रम के दौरान जब उनसे पूछा गया कि उन्हें घर में किन चीजों पर बोलने की परमिशन नहीं है, तो उन्होंने बताया कि वह घर की सजावट या अन्य जरूरी चीजों को लेकर राय नहीं दे सकते। अभिनेता के अनुसार, वह वाई-फाई, बिस्तर पर खाना खाने, रंगों के चयन, पेंटिंग्स, सीढ़ियों, छत या फिर लाइटों के बारे में कुछ नहीं बोल सकते हैं। उनके घर के सभी अंदरूनी फैसले उनकी पत्नी और जानी-मानी इंटीरियर डिजाइनर गौरी खान ही लेती हैं।
अपने घर को लेकर कही यह बात
शाहरुख ने बातचीत के दौरान अपने आशियाने की तारीफ करते हुए कहा कि गौरी ने इस घर को बहुत खूबसूरती से डिजाइन किया है। उन्होंने यह भी साझा किया कि कम उम्र में माता-पिता को खोने के बाद अपना खुद का घर होना उनका एक बहुत बड़ा सपना था। उनके जीवन में फिल्मों, काम और परिवार के साथ-साथ इस घर का भी एक खास और महत्वपूर्ण स्थान है।
आगामी प्रोजेक्ट्स
काम की बात करें तो अभिनेता आने वाले समय में फिल्म ‘किंग’ में नजर आने वाले हैं। इस फिल्म का निर्देशन सिद्धार्थ आनंद कर रहे हैं और इसमें उनके साथ कई अन्य कलाकार भी अहम भूमिकाओं में दिखाई देंगे।

