लोक आस्था के महापर्व छठ को केवल धार्मिक अनुष्ठान ही नहीं, बल्कि प्रिवेंटिव हेल्थकेयर और कैंसर-मुक्त जीवनशैली का एक संपूर्ण वैज्ञानिक विधान माना गया है। प्रकृति के करीब रहने और अनुशासन का पालन करने से यह पर्व शारीरिक और मानसिक स्वास्थ्य को बेहतर बनाने में मदद करता है।

उपवास और ऑटोफैगी की प्रक्रिया
छठ पर्व के दौरान किए जाने वाले कठोर उपवास से शरीर की आंतरिक सफाई होती है। चिकित्सा विज्ञान के अनुसार, लंबे समय तक उपवास रखने से शरीर की स्वस्थ कोशिकाएं पुरानी और क्षतिग्रस्त कोशिकाओं को खुद ही नष्ट कर देती हैं। इस प्रक्रिया को ऑटोफैगी कहा जाता है, जो ट्यूमर बनने के खतरे को रोकने में मददगार साबित होती है। इसके अलावा, उपवास से इंसुलिन संवेदनशीलता सुधरती है और डायबिटीज तथा मोटापे पर भी नियंत्रण रहता है।
मानसिक स्वास्थ्य और हॉर्मोन संतुलन
इस महापर्व का कड़ा अनुशासन मस्तिष्क में न्यूरोप्लास्टिसिटी को बढ़ावा देता है, जिससे तनाव सहने की क्षमता विकसित होती है। उगते और डूबते सूर्य को अर्घ्य देने की परंपरा से शरीर में हार्मोन्स का संतुलन बना रहता है। सुबह और शाम के समय मिलने वाली प्राकृतिक रोशनी से मेलाटोनिन और सेरोटोनिन हार्मोन संतुलित होते हैं, जिससे अनिद्रा और डिप्रेशन जैसी समस्याओं से राहत मिलती है.
एक्वा थेरेपी और जोड़ों के दर्द में राहत
छठ पूजा के दौरान व्रती नदी या तालाब के पानी में नाभि या छाती तक खड़े होकर सूर्य को अर्घ्य देते हैं। जल का हाइड्रोस्टैटिक दबाव और उत्प्लावन बल ब्लड सर्कुलेशन को बेहतर बनाते हैं। पानी के दबाव से शरीर के निचले हिस्सों की नसों पर असर पड़ता है, जिससे रक्त का प्रवाह हृदय और मस्तिष्क की ओर सुचारू रूप से होता है। इससे घुटनों, रीढ़ की हड्डी और जोड़ों के दर्द से भी राहत मिलती है।
ऋतु अनुकूल प्रसाद और एंटी-ऑक्सीडेंट्स
छठ पूजा में उपयोग होने वाले प्रसाद जैसे केला, नारियल, गन्ना, अमरूद, आंवला और ठेकुआ पूरी तरह से मौसम के अनुकूल और पोषण से भरपूर होते हैं। इन फलों में मौजूद एंटी-ऑक्सीडेंट्स और विटामिंस शरीर के फ्री-रेडिकल्स को बेअसर करते हैं, जिससे ऑक्सीडेटिव स्ट्रैस कम होता है। इसके साथ ही, प्रसाद में मौजूद फाइबर पाचन क्रिया को दुरुस्त रखने में सहायता करता है।

