भारतीय वायु सेना के एक कार्यरत विंग कमांडर के हनीट्रैप में फंसने और पाकिस्तान की खुफिया एजेंसी को संवेदनशील रक्षा जानकारियां देने का गंभीर मामला सामने आया है। दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल ने इस संबंध में अदालत के समक्ष चार्जशीट दाखिल कर दी है, जिसमें कई चौंकाने वाले खुलासे किए गए हैं।

हनीट्रैप और आपत्तिजनक तस्वीरों का खेल
जांच के अनुसार, आरोपी अधिकारी कथित तौर पर एक महिला पाकिस्तानी एजेंट के संपर्क में था। आरोप है कि पाक एजेंट ने अधिकारी को आपत्तिजनक तस्वीरें भेजी थीं, जिसके बदले में सामरिक रूप से संवेदनशील जानकारियां साझा की गईं। पुलिस की काउंटर इंटेलिजेंस एजेंसी द्वारा पटियाला हाउस कोर्ट में पेश की गई चार्जशीट में बताया गया है कि यह संपर्क इस साल की शुरुआत में कुछ महीनों के दौरान बना था।
लेह एयरबेस और ड्रोन युद्ध से जुड़ी जानकारी
चार्जशीट के मुताबिक, आरोपी ने लेह एयरबेस की कार्यप्रणाली, परिचालन क्षमताओं और भारत की ड्रोन युद्ध रणनीतियों से जुड़े गोपनीय तथ्य साझा किए। व्हाट्सएप चैट की जांच से यह भी सामने आया कि एयरबेस के इस्तेमाल और वहां से उड़ान भरने वाले विमानों के बारे में विवरण दिए गए थे, साथ ही इस क्षेत्र में तैनात सैन्य कर्मियों से जुड़ी जानकारियां भी पहुंचाई गई थीं।
मैलवेयर के जरिए डेटा चुराने की साजिश
जांचकर्ताओं का यह भी आरोप है कि पाकिस्तानी हैंडलर ने अधिकारी को एक मैलवेयर यानी जासूसी सॉफ्टवेयर भेजा था। इस सॉफ्टवेयर को अधिकारी के अधीनस्थ कर्मचारियों के मोबाइल फोन और लैपटॉप में इंस्टॉल करने के निर्देश दिए गए थे, ताकि अन्य महत्वपूर्ण उपकरणों से भी गोपनीय डेटा निकाला जा सके। फिलहाल अदालत ने इस चार्जशीट पर अभी संज्ञान नहीं लिया है और नियमानुसार आगे की कानूनी प्रक्रिया पूरी की जा रही है।

