इंटरनेट पर किसी विषय को एक बार खोजने के बाद हमारी पूरी डिजिटल दुनिया उसी के इर्द-गिर्द घूमने लगती है। विज्ञापन, रील्स और सोशल मीडिया पोस्ट्स बार-बार उसी विषय पर दिखाई देने लगते हैं, जिससे यह सवाल उठता है कि हम क्या देखेंगे यह कौन तय कर रहा है?

कुकीज और डेटा संग्रह की प्रक्रिया
इसकी शुरुआत आमतौर पर वेबसाइटों पर दिखने वाले ‘एक्सेप्ट कुकीज’ के विकल्प से होती है, जिस पर क्लिक करते ही इंटरनेट गतिविधियों की निगरानी शुरू हो जाती है। यूजर क्या खोजते हैं और किस पोस्ट पर कितनी देर रुकते हैं, यह सब निगरानी के दायरे में आता है। कुकीज अस्वीकार करने पर भी प्लेटफॉर्म्स डेटा जुटाना पूरी तरह बंद नहीं करते, खासकर जब यूजर लॉग्ड-इन होते हैं। गूगल और मेटा जैसी कंपनियां सेवाओं और विज्ञापनों को व्यक्तिगत पसंद के अनुरूप बनाने के लिए यूजर डेटा जुटाने की बात खुले तौर पर मानती हैं।
एल्गोरिदम और फिल्टर बबल का प्रभाव
सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म केवल कंटेंट दिखाते नहीं हैं, बल्कि उसे प्राथमिकता के क्रम में रखते हैं। इंगेजमेंट को अधिकतम करने वाले एल्गोरिदम तय करते हैं कि कौन-सा कंटेंट पहले दिखाई देगा और कौन-सा पीछे जाएगा। समय के साथ यह एक ऐसा लूप बना देता है जिसमें यूजर को वही सामग्री बार-बार मिलती है जिससे वह पहले जुड़ चुका है। इसे ‘फिल्टर बबल’ कहा जाता है, यानी ऐसा सूचना-परिवेश जिसमें व्यक्ति तक मुख्यतः उसकी पसंद और मान्यताओं से मेल खाने वाली सामग्री ही पहुंचती है।

सूचनाओं की विविधता पर असर
प्यू रिसर्च सेंटर और ऑक्सफोर्ड इंटरनेट इंस्टीट्यूट जैसे संस्थानों के अध्ययन बताते हैं कि पर्सनलाइज्ड डिजिटल सिस्टम तय करते हैं कि यूजर के सामने किस तरह की सामग्री आएगी। भारत जैसे देशों में, जहां बड़ी संख्या में लोग खबरों के लिए सोशल मीडिया पर निर्भर हैं, यह प्रवृत्ति गहरी असर डालती है। फीड पर दिखने वाली सामग्री कई बार दुनिया को देखने का नजरिया भी बन जाती है। ऐसे में मुख्य सवाल यह है कि क्या हम पर्याप्त और विविध सूचनाएं देख पा रहे हैं या केवल एक चुनिंदा हिस्सा ही हमारे सामने आ रहा है।

