प्यू रिसर्च सेंटर की एक नई रिपोर्ट में आगामी दशकों में वैश्विक स्तर पर धार्मिक आबादी के आकार और उसकी संरचना में होने वाले संभावित बदलावों का विस्तृत विश्लेषण सामने आया है। इस अध्ययन के अनुसार, वर्ष 2020 से 2070 के बीच दुनिया भर के प्रमुख धार्मिक समूहों की जनसांख्यिकी में बड़े फेरबदल देखने को मिल सकते हैं।

भारत में हिंदू आबादी और हिस्सेदारी
रिपोर्ट के मुताबिक, आने वाले पांच दशकों में भारत की हिंदू आबादी में 17.6 करोड़ की वृद्धि होने की संभावना है। हालांकि मुस्लिम आबादी की उच्च प्रजनन दर और युवा जनसांख्यिकी के कारण देश की कुल आबादी में हिंदुओं की हिस्सेदारी में मामूली कमी आ सकती है, फिर भी 2070 तक भारत की कुल जनसंख्या में हिंदुओं की हिस्सेदारी 75 प्रतिशत से अधिक बनी रहेगी। वर्ष 2020 में भारत में लगभग 110 करोड़ हिंदू थे, जो वैश्विक हिंदू आबादी का करीब 95 प्रतिशत हिस्सा दर्शाते हैं।
वैश्विक स्तर पर हिंदू जनसंख्या के आंकड़े
अध्ययन के अनुसार, 2020 से 2070 के बीच दुनिया भर में हिंदुओं की कुल संख्या में 19.9 करोड़ की बढ़ोतरी होगी और यह आंकड़ा लगभग 140 करोड़ तक पहुंच जाएगा। हालांकि अन्य वैश्विक आबादी के तेज गति से बढ़ने के कारण, कुल वैश्विक जनसंख्या में हिंदुओं का हिस्सा 2020 के 15 प्रतिशत से घटकर 2070 में 14 प्रतिशत रहने का अनुमान है। इसके अलावा, पाकिस्तान में हिंदू आबादी दोगुनी होकर एक करोड़ तक पहुंचने की संभावना है और अमेरिका दुनिया की पांचवीं सबसे बड़ी हिंदू आबादी वाला देश बन सकता है।
धर्म परिवर्तन और रिटेंशन रेट का प्रभाव
रिपोर्ट में स्पष्ट किया गया है कि धर्म परिवर्तन का हिंदू आबादी पर बहुत मामूली असर पड़ता है। हिंदुओं और मुसलमानों दोनों में अपने धर्म में बने रहने की दर यानी रिटेंशन रेट 99 प्रतिशत है। इसका मतलब है कि इन परिवारों में जन्म लेने वाले लगभग बड़े लोग इसी धर्म का पालन करते रहते हैं, जबकि ईसाइयों में यह दर 85 प्रतिशत और बौद्धों में 83 प्रतिशत दर्ज की गई है।
भविष्य में वैश्विक धर्मों की स्थिति
प्यू रिसर्च की इस रिपोर्ट का एक बड़ा पहलू यह है कि 2035 तक इस्लाम, ईसाई धर्म को पीछे छोड़कर दुनिया का सबसे बड़ा धर्म बन सकता है। अध्ययन के अनुसार इस बदलाव का मुख्य कारण धर्म परिवर्तन नहीं बल्कि मुस्लिम महिलाओं में उच्च प्रजनन दर है। अनुमान है कि 2070 तक वैश्विक स्तर पर मुसलमानों की संख्या 3.6 अरब के पार निकल जाएगी।

