संसद के आगामी विशेष सत्र की घोषणा के बाद देश की राजधानी में राजनीतिक सरगर्मी काफी बढ़ गई है। सत्ता पक्ष और विपक्ष दोनों ही इस सत्र को लेकर अपनी-अपनी रणनीतियों को अंतिम रूप देने में जुटे हुए हैं। इसी कड़ी में केंद्र सरकार ने संसद के दोनों सदनों की बैठक से पहले मोदी कैबिनेट की एक महत्वपूर्ण बैठक बुलाई है।

संसद सत्र की तारीखों का ऐलान
संसदीय कार्य मंत्री किरेन रिजिजू ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स के माध्यम से जानकारी दी थी कि सरकार ने लोकसभा अध्यक्ष और राज्यसभा के सभापति से दोनों सदनों की बैठक दोबारा बुलाने का अनुरोध किया है। तय प्रस्ताव के अनुसार, लोकसभा की बैठक सोमवार, 30 नवंबर को और राज्यसभा की बैठक बुधवार, 2 दिसंबर को आयोजित की जाएगी। दोनों सदनों की कार्यवाही कार्य की आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए 3 दिसंबर तक चल सकती है।
कैबिनेट बैठक के एजेंडे और रणनीति पर चर्चा
संस सत्र की तारीखों सामने आने के बाद सरकार ने अपनी तैयारियां और तेज कर दी हैं। शुक्रवार दोपहर 1 बजे होने वाली इस कैबिनेट बैठक में सत्र के मुख्य एजेंडे, विधायी कामकाज और संसद के भीतर अपनाई जाने वाली रणनीति पर गहन विचार-विमर्श होने की संभावना है। बैठक के दौरान जरूरी विधायी कार्यों, संभावित विधेयकों और विपक्ष की ओर से उठाए जाने वाले संभावित सवालों का जवाब देने की रूपरेखा भी तय की जाएगी।
विपक्ष की भी तैयारी शुरू
दूसरी तरफ, संसद सत्र की तारीखें तय होने के बाद विपक्षी दलों ने भी अपनी सक्रियता बढ़ा दी है। कांग्रेस पार्टी समेत अन्य विपक्षी दल सदन के भीतर सरकार को घेरने की रणनीति तैयार करने के लिए बैठकों का दौर चला रहे हैं। राजनीतिक गलियारों में इस विशेष सत्र को लेकर सुगबुगाहट तेज हो गई है और आने वाले दिनों में संसद के भीतर कड़ा मुकाबला देखने को मिल सकता है।

