देहरादून।
बार एसोसिएशन देहरादून के अधिवक्ता राकेश पाल ने एसोसिएशन के अध्यक्ष और सचिव को पत्र भेजकर परिसर में खाली पड़े तथा उपयोग में न आने वाले चैम्बरों को बार एसोसिएशन के नियंत्रण में लेकर उन्हें लॉटरी प्रणाली के माध्यम से आवंटित करने की मांग की है।
अपने पत्र में उन्होंने कहा कि बार परिसर में कई चैम्बर ऐसे हैं जो लंबे समय से खाली पड़े हैं या जिनका नियमित रूप से उपयोग नहीं हो रहा है। वहीं कई युवा और जरूरतमंद अधिवक्ताओं को कार्य करने के लिए उपयुक्त स्थान नहीं मिल पा रहा है, जिससे उन्हें पेशे के संचालन में कठिनाई का सामना करना पड़ता है।
उन्होंने सुझाव दिया कि जब तक नए चैम्बरों का निर्माण नहीं हो जाता, तब तक खाली या अनुपयोगी चैम्बरों को एसोसिएशन हैंडओवर लेकर पारदर्शी लॉटरी प्रणाली के जरिए युवा अधिवक्ताओं को आवंटित किया जाए।
राकेश पाल ने अनुरोध किया कि इस विषय को बार एसोसिएशन की आम सभा में विचारार्थ रखा जाए, ताकि उपलब्ध संसाधनों का उचित उपयोग हो सके और युवा अधिवक्ताओं को कार्य करने के लिए आवश्यक सुविधा मिल सके।

