आगामी 8वें वेतन आयोग के गठन और इसके प्रावधानों को लेकर केंद्रीय कर्मचारियों के साथ-साथ पेंशनभोगियों में भी चर्चा तेज हो गई है। नए वेतन आयोग के लागू होने से केवल वर्तमान सेवा दे रहे कर्मचारियों को ही नहीं, बल्कि पेंशनर्स को भी बड़ा वित्तीय लाभ मिलने की उम्मीद है। हालांकि, इसे लेकर विभिन्न कर्मचारी संगठनों ने सरकार के सामने कुछ महत्वपूर्ण मांगें भी रखी हैं।

टर्म ऑफ रेफ्रेंस (ToR) में बदलाव की मांग
ऑल इंडिया डिफेंस एप्लॉयीज फेडरेशन (AIDEF) और रेलवे मेल सर्विस (RMS) जैसे कर्मचारी संगठनों ने केंद्र सरकार से आग्रह किया है कि 8वें पे कमीशन के टर्म ऑफ रेफ्रेंस में संशोधन किया जाए। इन संगठनों का कहना है कि जो कर्मचारी 1 जनवरी 2026 से पहले सेवानिवृत्त हो रहे हैं, उन्हें भी इसके दायरे में शामिल किया जाना चाहिए ताकि उन्हें भी इसका पूरा लाभ मिल सके।
विभिन्न संगठनों की मांगें
नेशनल काउंसिल ऑफ दी ज्वाइंट कंसल्टेटिव मशीनरी (NC-JCM) और अन्य संगठनों की मांग है कि पेंशन का निर्धारण अंतिम वेतन के आधार पर बेहतर ढंग से किया जाए। इसके तहत आखिरी वेतन का एक निश्चित हिस्सा पेंशन के रूप में तय करने की मांग की जा रही है। वहीं, भारत पेंशनर्स समाज ने न्यूनतम पेंशन को बढ़ाकर एक निश्चित स्तर पर लाने का आग्रह किया है। गौरलतब है कि 7वें वेतन आयोग के तहत न्यूनतम पेंशन 9,000 रुपये तय की गई थी, जबकि अधिकतम सीमा 1,25,000 रुपये थी।
फिटमेंट फैक्टर के आधार पर पेंशन का गणित
यदि 8वें वेतन आयोग में अलग-अलग फिटमेंट फैक्टर लागू किए जाते हैं, तो पेंशन की राशि में भी बड़ा बदलाव देखने को मिलेगा:
- यदि फिटमेंट फैक्टर 2.1 रहता है: इस स्थिति में लेवल 5 के कर्मचारियों की न्यूनतम पेंशन 30,660 रुपये और लेवल 9 के कर्मचारियों की 55,755 रुपये तक हो सकती है।
- यदि फिटमेंट फैक्टर 2.28 रहता है: इस अनुमान के तहत लेवल 5 के लिए न्यूनतम पेंशन 33,288 रुपये और लेवल 9 के कर्मचारियों के लिए 60,534 रुपये तक पहुंचने की संभावना है।
- यदि फिटमेंट फैक्टर 2.57 रहता है: इस सबसे ऊंचे दायरे में लेवल 9 के कर्मचारियों को कम से कम 68,234 रुपये और लेवल 5 के कर्मचारियों को कम से कम 37,522 रुपये की मिनिमम पेंशन मिलने की उम्मीद जताई जा रही है।
फिलहाल इन तमाम प्रस्तावों और मांगों पर सरकार के स्तर पर अंतिम निर्णय आना बाकी है, लेकिन कर्मचारियों और पेंशनर्स की निगाहें आने वाले अपडेट्स पर टिकी हुई हैं।

