उत्तर प्रदेश के अमरोहा जिले के आदमपुर क्षेत्र स्थित जीवपुर गांव में एक हैरान करने वाली घटना सामने आई है। यहां रविवार सुबह गन्ने के खेत में लगभग 12 फीट लंबे अजगर ने नीलगाय के एक बच्चे को आधा निगल लिया। खेतों में काम कर रहे किसानों ने जब यह नजारा देखा, तो उन्होंने शावक को बचाने की पूरी कोशिश की, लेकिन दम घुटने के कारण उसकी पहले ही मौत हो चुकी थी।

किसानों ने दी वन विभाग को सूचना
प्राप्त जानकारी के अनुसार, जीवपुर गांव के ग्राम प्रधान ज्ञानेंद्र सिंह रविवार की सुबह अपने खेतों में मौजूद थे। खेत के भीतर से कुछ अजीब आहट आने पर जब उन्होंने नजदीक जाकर देखा, तो एक बड़ा अजगर नीलगाय के बच्चे को जकड़े हुए था और उसे निगल रहा था। इस बात की सूचना तुरंत ग्रामीणों और स्थानीय वन विभाग को दी गई, जिसके बाद मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई।
अजगर का सुरक्षित रेस्क्यू
ग्रामीणों ने अजगर के चंगुल से शावक को मुक्त कराने का प्रयास किया, लेकिन तब तक उसकी सांसे थम चुकी थीं। सूचना पाकर मौके पर पहुंची वन विभाग की टीम ने काफी मशक्कत के बाद अजगर को सुरक्षित पकड़ लिया। विभाग के कर्मचारियों ने बाद में इस भारी-भरकम अजगर को ले जाकर सुरक्षित वन क्षेत्र में छोड़ दिया। वहीं दूसरी ओर, घटना के बाद ग्राम प्रधान ने गड्ढा खोदकर मृत नीलगाय के बच्चे के शव को दफना दिया।
इलाके में पहले भी देखे गए हैं अजगर
अधिकारियों के मुताबिक, इस क्षेत्र में हाल के दिनों में अजगर दिखने की यह दूसरी घटना है। इससे पहले भी गंगा के मैदानी और तटीय इलाकों में इस तरह के विशालकाय जीव देखे जा चुके हैं। वन विभाग वन्यजीवों की गतिविधियों पर नजर बनाए हुए है ताकि इंसानी बस्तियों और वन्यजीवों के बीच किसी तरह का टकराव न हो।

