तमिलनाडु के सलेम शहर में कॉलेज के छात्रों को निशाना बनाकर लगभग 75 करोड़ रुपये का बड़ा लोन घोटाला किए जाने का मामला सामने आया है। पुलिस ने इस धोखाधड़ी के सिलसिले में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जबकि अन्य संलिप्त लोगों की तलाश के लिए दबिश दी जा रही है।

छात्रों को दिया गया था कमीशन का लालच
यह पूरा मामला तब खुला जब सलेम के अम्मापेट्टई इलाके के बीस से अधिक कॉलेज छात्रों ने पुलिस कमिश्नर के समक्ष एक औपचारिक शिकायत दर्ज कराई। छात्रों ने अपनी शिकायत में बताया कि विभिन्न इंजीनियरिंग और सरकारी कला एवं विज्ञान कॉलेजों में पढ़ने वाले इन छात्रों से कुछ समय पहले एक निजी फर्म के लोग मिले थे। इन लोगों ने छात्रों को एक लाख रुपये उनके बैंक खाते में जमा कराने और फिर उसे आगे ट्रांसफर करने के बदले एक हजार रुपये का कमीशन देने का झांसा दिया था।
कमीशन के लालच में आकर छात्रों ने अपने आधार कार्ड और बैंक खाते से जुड़ी गोपनीय जानकारियां उन लोगों को सौंप दीं। इसके बाद आरोपियों ने छात्रों के खातों में पैसे भेजने और ट्रांसफर कराने का सिलसिला शुरू किया और वादा के मुताबिक एक हजार रुपये का कमीशन भी दिया।
बैंक नोटिस से हुआ धोखाधड़ी का खुलासा
कुछ समय बाद छात्रों के घर के पते पर निजी बैंकों से नोटिस आने लगे, जिसमें यह बताया गया कि मवेशी खरीदने के लिए एक-एक लाख रुपये का कृषि ऋण लिया गया है और उसकी किस्तें जमा नहीं की जा रही हैं। जब छात्रों ने बैंक में जाकर पूछताछ की, तो उन्हें पता चला कि ये ऋण उसी निजी फर्म के माध्यम से उठाए गए थे। जांच में यह भी सामने आया कि सलेम, नामक्कल और धर्मपुरी जिलों में लगभग साढ़े सात हजार लोगों को इस तरह के ऋणों में फंसाया गया है।
अपराध शाखा द्वारा जांच और गिरफ्तारियां
छात्रों की शिकायत मिलने के बाद पुलिस आयुक्त ने सेंट्रल क्राइम ब्रांच (सीसीबी) को इस मामले की गहन जांच करने के आदेश दिए। इसके बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर छानबीन शुरू की। प्रारंभिक जांच के आधार पर पुलिस ने चिन्न थिरुपथी स्थित ‘बेस्ट एम्पावरमेंट ट्रस्ट’ की मालकिन कलाईवानी और उसके सहयोगी मुत्कुमार को गिरफ्तार कर लिया है। अधिकारियों का कहना है कि इस गिरोह के अन्य सदस्यों की धरपकड़ के लिए भी लगातार प्रयास किए जा रहे हैं।

