बाॅलीवुड अभिनेत्री श्रद्धा कपूर की आगामी फिल्म ‘ईठा’ सिनेमाघरों में चार दिसंबर को रिलीज होने के लिए पूरी तरह तैयार है। यह फिल्म अनाउंसमेंट के वक्त से ही लगातार चर्चा में बनी हुई है। इस बायोग्राफिकल ड्रामा फिल्म की कहानी महाराष्ट्र की एक प्रसिद्ध तमाशा और लावणी कलाकार विठाबाई भाऊ मांग नारायणगांवकर के जीवन पर आधारित है। फिल्म में मुख्य भूमिका निभा रही श्रद्धा कपूर ने इस चुनौतीपूर्ण किरदार के लिए बेहद कड़ी मेहनत की है और अपनी कला को परवान चढ़ाने के लिए जमकर पसीना बहाया है, ताकि उस महान टैलेंट और कला के साथ पूरा न्याय किया जा सके।

लावणी की कला को शून्य से सीखा
फिल्म के एक गाने के लॉन्च के दौरान अभिनेत्री ने साझा किया कि यह प्रोजेक्ट साइन करने से पहले वह लावणी नृत्य शैली के बारे में बिल्कुल अनजान थीं। यानि उन्हें एक ऐसा किरदार निभाना था, जिसके बारे में उन्हें सब कुछ बिल्कुल शून्य से सीखना और समझना था। उन्हें एक ऐसी पारंपरिक कला को समझना था, जिसके बारे में पीढ़ियों से कहानियां चली आ रही हैं। इस पारंपरिक नृत्य को गहराई से समझने और अपनी परफॉर्मेंस में महारथ हासिल करने के लिए उन्होंने कई वर्कशॉप में हिस्सा लिया। इसके अलावा उन्होंने कई अन्य परफॉर्मर्स से भी मुलाकात की ताकि इस कला की हर बारीकी को अच्छी तरह आत्मसात कर सकें।
चेहरे के हाव-भाव और शारीरिक चुनौतियों का सामना
श्रद्धा कपूर के सामने इस किरदार को निभाने में कई तरह की चुनौतियां थीं। जानी-मानी आर्टिस्ट शकुंतला जी से मिलने के बाद उन्हें समझाया गया कि केवल फुटवर्क प्रैक्टिस के जरिए सीखा जा सकता है, लेकिन इस नृत्य में चेहरे के हाव-भाव भी एक बेहद अहम भूमिका निभाते हैं। उन्हें बताया गया कि डांस सीखने के साथ-साथ यह समझना भी जरूरी है कि चेहरे पर कौन से भाव कब लाने हैं, जिसके लिए इस आर्ट फॉर्म के साथ एक गहरा जुड़ाव होना बहुत आवश्यक है। अभिनेत्री इस रोल के लिए पूरी तरह कमिटेड थीं और अपने सभी फिजिकल तथा मेंटल बैरियर्स को तोड़ते हुए आगे बढ़ रही थीं।
चार-चार किलो के घुंघरू पहनकर किया अभ्यास
अपने किरदार को पूरी तरह प्रामाणिक रूप देने के लिए श्रद्धा ने कठिन शारीरिक अभ्यास का रास्ता चुना। वह अपने दोनों पैरों में चार-चार किलो वजन के घुंघरू बांधकर घंटों तक अभ्यास किया करती थीं। वह लावणी के सभी मूव्स और रिदम को बिल्कुल परफेक्ट बनाना चाहती थीं। उनका मुख्य प्रयास यह सुनिश्चित करना था कि जब वह कैमरे के सामने परफॉर्म करें तो ऐसा बिल्कुल भी न लगे कि उन्होंने कोई प्रैक्टिस किया हुआ एक्ट किया है, बल्कि उनकी परफॉर्मेंस पूरी तरह नेचुरल लगनी चाहिए। इस पूरी कठिन यात्रा के दौरान निर्देशक लक्ष्मण उटेकर और निर्माता दिनेश विजान ने उनकी तैयारी और शूटिंग में काफी मदद की, और एक शूट के दौरान जब वह जख्मी हो गईं तो पूरी टीम उनके साथ मजबूती से खड़ी रही।

