लोकप्रिय क्विज शो ‘कौन बनेगा करोड़पति 18’ को इस सीजन का पहला करोड़पति मिल गया है। जलगांव के रहने वाले भूषण कुमार ने एक करोड़ रुपये के सवाल का सही जवाब देकर यह उपलब्धि हासिल की है और अब वह सात करोड़ रुपये के बड़े सवाल का सामना करेंगे।

क्विज शो के मंच पर भूषण कुमार की प्रेरणादायक और भावुक कहानी ने सभी का ध्यान खींच लिया है। शो के होस्ट अमिताभ बच्चन ने भी उनकी सफलता पर उन्हें गले लगाकर बधाई दी। सामने आए नए प्रोमो वीडियो के अनुसार, भूषण इस मंच पर सात करोड़ रुपये के ऐतिहासिक सवाल का सामना करने वाले हैं, जिसे लेकर दर्शकों में भी काफी उत्सुकता बनी हुई है।
संघर्षों से भरा रहा है सफर
महाराष्ट्र के जलगांव से ताल्लुक रखने वाले भूषण कुमार अपने माता-पिता के सपनों को पूरा करने के लिए सिर्फ चौबीस रुपये लेकर मुंबई आए थे। वह लंबे समय से यूपीएससी की तैयारी कर रहे हैं और पिछले डेढ़ साल से अपने घर भी नहीं गए हैं। उनके पिता ने दिहाड़ी मजदूर के रूप में मेहनत करके उन्हें पढ़ाया-लिखाया है। भूषण का मुख्य उद्देश्य अपने परिवार की स्थिति को बदलना और अपने माता-पिता की आंखों में खुद के लिए गर्व देखना था।
सिर्फ एक शर्त पर घर लौटना चाहते थे भूषण
शो के दौरान भूषण ने बताया कि उनके परिवार ने जीवन में कई तरह की कुर्बानियां दी हैं। उनकी मां स्वास्थ्य समस्याओं और कई सर्जरी से जूझ चुकी हैं, जबकि उनके पिता ने घर का खर्च चलाने के लिए भारी मजदूरी की है। यही वजह थी कि भूषण ने यह ठान रखा था कि वह बिना कुछ हासिल किए और बिना सफल हुए अपने घर वापस नहीं लौटेंगे।
पिता ने दी थी हमेशा पढ़ाई जारी रखने की प्रेरणा
बातचीत के दौरान भूषण ने साझा किया कि प्रतियोगी परीक्षाओं में लगातार सफलता न मिलने पर वह कई बार निराश हो गए थे। परिवार की आर्थिक मदद के लिए उन्होंने नदी पर काम करना भी शुरू कर दिया था, लेकिन उनके पिता ने उन्हें ऐसा करने से रोक दिया और केवल अपनी पढ़ाई पर पूरा ध्यान केंद्रित करने के लिए प्रेरित किया।

