सरकार के साइबर अपराध विरोधी विभाग ने कंप्यूटर पर व्हाट्सएप वेब का इस्तेमाल करने वाले उपयोगकर्ताओं के लिए एक अहम सुरक्षा चेतावनी जारी की है। इंडियन साइबर क्राइम कोऑर्डिनेशन सेंटर के तहत काम करने वाली नेशनल साइबरक्राइम थ्रेट एनालिटिक्स यूनिट ने बताया है कि सक्रिय और प्रमाणित सत्रों का गलत फायदा उठाकर हैकर्स खातों को अपने कब्जे में ले सकते हैं। इससे यूजर्स की निजी बातचीत और डेटा के सार्वजनिक होने का गंभीर जोखिम पैदा हो गया है।

हैकर्स कैसे पहुंचा सकते हैं नुकसान?
साइबर विशेषज्ञों के मुताबिक, यदि किसी खाते पर अनधिकृत पहुंच बन जाती है, तो हैकर्स आसानी से निजी संदेश, संपर्क सूची और ग्रुप चैट देख सकते हैं। इसके बाद वे उपयोगकर्ता की पहचान का दुरुपयोग करके फर्जी संदेश भेज सकते हैं, जिससे धोखाधड़ी और फिशिंग स्कैम जैसी घटनाओं को अंजाम दिया जा सकता है। केवल इंटरनेट ब्राउजर की विंडो या टैब को बंद कर देने से व्हाट्सएप वेब का सत्र समाप्त नहीं होता है, इसलिए खतरा बना रहता है.
सार्वजनिक कंप्यूटरों पर बरतें अतिरिक्त सावधानी
कार्यालयों, साइबर कैफे, सार्वजनिक कियोस्क या अन्य साझा कंप्यूटरों पर व्हाट्सएप वेब का उपयोग करते समय विशेष सतर्कता बरतने की सलाह दी गई है। सरकारी, वित्तीय या अन्य गोपनीय और संवेदनशील जानकारियों के आदान-प्रदान के लिए इस माध्यम का उपयोग करने से बचना चाहिए। यदि किसी साझा डिवाइस पर लॉग इन करना जरूरी हो, तो काम पूरा होने के बाद मैन्युअल रूप से लॉग आउट जरूर करें।
बचाव के लिए महत्वपूर्ण सुझाव
- सार्वजनिक डिवाइस से दूरी: अनजान या सार्वजनिक कंप्यूटरों पर व्हाट्सएप वेब में लॉग इन करने से बचें।
- मैन्युअल लॉगआउट: यदि मजबूरी में साझा सिस्टम का उपयोग करना पड़े, तो ब्राउज़र बंद करने से पहले अकाउंट से मैन्युअल रूप से लॉग आउट करना न भूलें।
- गतिविधियों पर नजर: अपने अकाउंट की गतिविधियों की नियमित जांच करते रहें ताकि किसी भी संदिग्ध गतिविधि का समय रहते पता चल सके।
- सॉफ्टवेयर अपडेट: अपने डिवाइस के ऑपरेटिंग सिस्टम, ब्राउजर और सुरक्षा सॉफ्टवेयर को हमेशा अपडेट रखें।

