आजकल फिटनेस की दुनिया में कई नए गैजेट्स अपनी जगह बना रहे हैं, जिनमें स्मार्टवॉच और फिटनेस बैंड शामिल हैं जो दिल की धड़कन और नींद के पैटर्न को ट्रैक करते हैं। इन सबके बीच अब एक नया और छोटा सा टेंपल डिवाइस काफी चर्चा में आ गया है, जिसे कई जाने-माने खिलाड़ी और सेलिब्रिटीज अपनी कनपटी के पास लगाए हुए नजर आ रहे हैं। राजमा के आकार का यह उपकरण सोशल मीडिया और फिटनेस प्रेमियों के बीच उत्सुकता का विषय बना हुआ है।

क्या है यह टेंपल डिवाइस और इसकी कीमत?
पीवी सिंधु, शुभमन गिल और राज शमानी जैसे कई बड़े चेहरे अपनी कनपटी के पास इस छोटे से डिवाइस को पहने हुए देखे गए हैं। इस डिवाइस का नाम ‘टेंपल’ रखा गया है और इसे एक भारतीय तकनीकी टीम द्वारा तैयार किया गया है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, इस डिवाइस की कीमत करीब 85,000 रुपये तक है। ऐसा दावा किया जा रहा है कि यह उपकरण मस्तिष्क में रक्त के प्रवाह यानी ब्लड फ्लो को मॉनिटर करने का काम करता है।
यह डिवाइस किस प्रकार काम करता है?
इस गैजेट को मुख्य रूप से कनपटी के पास लगाया जाता है, जहां त्वचा के ठीक नीचे मौजूद रक्त वाहिकाओं से मिलने वाले संकेतों को सेंसर की सहायता से पढ़ा जाता है। इसके बाद इस डेटा को तकनीक के माध्यम से विश्लेषित किया जाता है। इसके जरिए आंतरिक स्वास्थ्य, बढ़ती उम्र के प्रभाव और रिकवरी से जुड़ी जानकारी मिलने का दावा किया जाता है। हालांकि, विशेषज्ञों का मानना है कि मस्तिष्क की रक्त वाहिकाओं का नेटवर्क बेहद जटिल होता है, जिसे केवल त्वचा के ऊपर एक सेंसर लगाकर सटीक रूप से मॉनिटर करना आसान नहीं है।
क्या आपको इस गैजेट को खरीदना चाहिए?
न्यूट्रीशनिस्ट का कहना है कि इस डिवाइस के उपयोग से स्वास्थ्य में लंबे समय तक सुधार होने को लेकर अभी पुख्ता वैज्ञानिक प्रमाण उपलब्ध नहीं हैं। इस पर सामने आए शुरुआती अध्ययन मुख्य रूप से संबंधित कंपनियों द्वारा समर्थित हैं और इन्हें स्वतंत्र समीक्षा से गुजरना बाकी है। इसलिए केवल सिलेब्रिटीज को देखकर इस महंगे गैजेट को खरीदना जरूरी नहीं है। यदि आप इसे आजमाना चाहते हैं, तो इसे केवल एक साधारण फिटनेस और वेलनेस ट्रैकर के रूप में देखें, ना कि किसी चिकित्सीय बीमारी की जांच करने वाले उपकरण के तौर पर।

