महाराष्ट्र के अमरावती शहर से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहां एक 39 वर्षीय सॉफ्टवेयर इंजीनियर ने कथित तौर पर अपनी 60 वर्षीय मां की गला घोंटकर हत्या कर दी। यह घटना शनिवार को प्रकाश में आई, जिसके बाद पुलिस ने आरोपी बेटे को गिरफ्तार कर लिया है।

घरेलू विवाद के दौरान हुआ खूनी संघर्ष
पुलिस से मिली शुरुआती जानकारी के अनुसार, अमरावती के नवसारी रिंग रोड स्थित गजानन प्लाजा में यह वारदात हुई। आरोपी तुषार सतीश कान्हेफाड़े एक आईटी कंपनी में सॉफ्टवेयर इंजीनियर के रूप में कार्यरत था और वर्क फ्रॉम होम के तहत घर से ही काम कर रहा था। अविवाहित होने के कारण फ्लैट में केवल वह और उसकी मां रंजना सतीश कान्हेफाड़े ही रहते थे।
शनिवार सुबह करीब साढ़े दस बजे किसी बात को लेकर मां-बेटे के बीच तीखी बहस शुरू हो गई। विवाद इतना बढ़ गया कि गुस्से में आकर बेटे ने अपनी ही मां का गला घोंट दिया। बताया जा रहा है कि महिला ने अपनी जान की भीख मांगते हुए खुद को उसकी मां बताया था, लेकिन आरोपी ने उसकी एक नहीं सुनी।

खुद थाने पहुंचकर किया आत्मसमर्पण
घटना को अंजाम देने के बाद आरोपी कुछ देर तक उसी फ्लैट के अंदर रुका रहा। इसके बाद वह खुद गाडगे नगर पुलिस स्टेशन पहुंचा और पुलिस अधिकारियों को पूरी घटना की जानकारी दी। उसने कथित तौर पर अपना जुर्म कबूल कर लिया, जिसके बाद पुलिस ने तुरंत कार्रवाई की।
सूचना मिलते ही पुलिस दल मौके पर पहुंचा और शव को अपने कब्जे में लेकर कानूनी प्रक्रिया शुरू की। पुलिस स्टेशन अधिकारी गोरखनाथ जाधव ने बताया कि आरोपी के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर लिया गया है और इस बेरहमी से किए गए कत्ल के पीछे के असली कारणों की गहराई से जांच की जा रही है।

