पिज्जा, बर्गर और सैंडविच जैसी चीजों में चीज़ का इस्तेमाल बड़े पैमाने पर किया जाता है, जिसे बच्चे और बड़े सभी बहुत चाव से खाते हैं। बाजार में मिलने वाला हर उत्पाद शुद्ध हो, यह जरूरी नहीं है, इसलिए इसकी गुणवत्ता की जांच करना आवश्यक हो जाता है। मिलावट के दौर में असली और नकली चीज़ की पहचान करना कई बार मुश्किल हो जाता है, जिसके लिए सोशल मीडिया पर कुछ तरीकों की चर्चा अक्सर की जाती है।

नमक टेस्ट से कैसे करें पहचान?
चीज़ की शुद्धता परखने के लिए नमक टेस्ट का उपयोग किया जाता है। इसके लिए सबसे पहले चीज़ को एक प्लेट में निकाल लें और उस पर नमक छिड़क कर करीब दस मिनट के लिए छोड़ दें। यदि चीज़ में किसी प्रकार की मिलावट होगी, तो उसका रंग बदलकर नीला या काला होने लगेगा। वहीं, अगर उत्पाद पूरी तरह शुद्ध है, तो उसके रंग में कोई बदलाव नहीं आएगा।
तवा टेस्ट करने का सही तरीका
तवे के माध्यम से भी चीज़ की जांच की जा सकती है। इसके लिए एक साफ तवे को धीमी आंच पर हल्का गर्म करके गैस बंद कर दें। अब गर्म तवे पर थोड़ा सा चीज़ रखकर छोड़ दें। यदि चीज़ आसानी से पिघलने लगे और उसका रंग न बदले, तो वह असली है। इसके विपरीत, यदि वह पिघलने में अधिक समय ले और उसका रंग बदल जाए, तो वह नकली हो सकता है.
खरीददारी करते समय रखें इन बातों का ध्यान
सिर्फ कुछ टेस्ट के भरोसे रहने के बजाय बाजार से चीज़ खरीदते समय पैकेट पर दी गई सामग्रियों की सूची को ध्यान से पढ़ना चाहिए। प्रोसेस्ड चीज़, चीज़ एनालॉग और साधारण चीज़ में अंतर होता है, और सभी को बनाने की प्रक्रिया भी भिन्न होती है। इसके अलावा, पैकेट की मैन्युफैक्चरिंग तारीख, एक्सपायरी डेट, स्टोरेज की जानकारी और पैकेजिंग की स्थिति अवश्य जांच लें। यदि पैकेट फूला हुआ या खुला हुआ है, या उसमें से दुर्गंध आ रही है, तो उसका उपयोग बिल्कुल न करें। खाद्य उत्पादों की सुरक्षा के लिए पैकेट पर दी गई FSSAI लाइसेंस की जानकारी को भी परखा जा सकता है।

