भारत में घरों के बाहर बनाई जाने वाली रंगोली और अन्य पारंपरिक कलाएं देश की प्राचीन ओपन-एयर आर्ट गैलरी का हिस्सा रही हैं। कला संग्रहालयों में पेंटिंग्स के प्रदर्शन से सदियों पहले ही देश की महिलाओं ने अपने घरों के आंगन और दहलीज को कैनवास बना लिया था। संस्कृत में इस पारंपरिक कला को भूमि चित्र या धूलि चित्र कहा जाता है, जिसमें चावल, हल्दी, सिंदूर और फूलों का उपयोग किया जाता है।

अलग-अलग राज्यों में विभिन्न नाम और शैलियां
देशभर में इस अनूठी कला के कई अलग-अलग नाम और रूप देखने को मिलते हैं। तमिलनाडु में इसे कोलम कहा जाता है, जबकि आंध्र प्रदेश और तेलंगाना में इसे मुग्गू के नाम से जानते हैं। इसके अलावा बंगाल में अल्पना, ओडिशा में झोटी या चिता, राजस्थान में मांडणा, गुजरात में साथिया और उत्तराखंड में ऐपण कहा जाता है। उत्तर भारत के कई राज्यों में इसे चौक पुराना भी कहा जाता है। नाम भले ही अलग हों, लेकिन इन सभी परंपराओं के पीछे का मुख्य उद्देश्य घरों में समृद्धि का स्वागत करना और रोजमर्रा की जिंदगी में खूबसूरती लाना है।

कला में छिपा गणित और प्रकृति का मेल
इन पारंपरिक डिजाइनों में सिमेट्री, ज्यामितीय आकृतियां और डॉट-ग्रिड्स का खास इस्तेमाल होता है। महिलाओं द्वारा बिना किसी रूलर या कंपास के सालों के अभ्यास से बनाए जाने वाले ये पैटर्न संतुलन और अनुपात की गहरी समझ को दर्शाते हैं। संग्रहालयों में रखी जाने वाली पेंटिंग्स के उलट ये कलाकृतियां मिट जाने के लिए होती हैं, जिन्हें हवा, बारिश या पैरों के निशान से मिट जाने के बावजूद महिलाएं अगली सुबह फिर से तैयार करती हैं।

