सर्दियों का मौसम आते ही बाजारों में हरी पत्तेदार सब्जियां मिलने लगती हैं, जिनमें सरसों के साग का खास स्थान होता है। यह पारंपरिक पंजाबी डिश अपने बेहतरीन स्वाद और सेहतमंद गुणों के कारण हर घर में पसंद की जाती है। इसे मक्के की रोटी और मक्खन के साथ परोसा जाए, तो खाने का स्वाद और अधिक बढ़ जाता है।

सरसों का साग बनाने के लिए जरूरी सामग्री
इस पारंपरिक व्यंजन को तैयार करने के लिए मुख्य रूप से 500 ग्राम सरसों के पत्ते, 100 ग्राम पालक, थोड़ी सी मेथी के पत्ते और थोड़ा सा हरा धनिया चाहिए होता है। इसके अलावा 2 चम्मच मक्के का आटा, स्वादानुसार नमक, 8-10 लहसुन की कलियां, 2-3 हरी मिर्च, 2 सूखी लाल मिर्च, एक बारीक कटा प्याज, दो कटे हुए टमाटर, 2 से 3 चम्मच सरसों का तेल, 2 चम्मच मक्खन और आधा चम्मच लाल मिर्च पाउडर की आवश्यकता होती है।
आसान विधि से तैयार करें स्वादिष्ट साग
सबसे पहले सरसों, पालक, मेथी और हरे धनिये के पत्तों को साफ पानी से अच्छी तरह धो लें और मोटा-मोटा काट लें। इसके बाद कटे हुए पत्तों को प्रेशर कुकर में डालें और उसमें नमक, लहसुन, हरी मिर्च तथा थोड़ा सा पानी मिलाकर एक सीटी आने तक पकाएं। जब कुकर का प्रेशर अपने आप निकल जाए, तब साग को ठंडा करके मिक्सर में हल्का दरदरा पीस लें। आप चाहें तो इसे परंपरागत तरीके से घोंट भी सकते हैं।
तड़का लगाने का सही तरीका
पिसे हुए साग को दोबारा बर्तन में डालें और उसमें 2 चम्मच मक्के का आटा मिलाकर अच्छी तरह चलाएं ताकि गांठ न पड़े। अब धीमी आंच पर इसे कुछ मिनट पकने दें। इसके बाद एक अलग पैन में सरसों का तेल गर्म करके उसमें कटा हुआ प्याज और टमाटर भून लें। इस तैयार मसाले में पिसा हुआ साग मिलाएं। अंत में, एक छोटे पैन में मक्खन गर्म करके उसमें सूखी लाल मिर्च और लाल मिर्च पाउडर का तड़का तैयार करें और इसे साग के ऊपर डालें।

