सुप्रीम कोर्ट ने एक महत्वपूर्ण फैसले में स्पष्ट किया है कि आपराधिक पृष्ठभूमि वाले और पहले से दोषी ठहराए जा चुके किसी भी व्यक्ति को केवल त्वरित सुनवाई के अधिकार के आधार पर जमानत नहीं दी जा सकती है। शीर्ष अदालत ने इसके साथ ही हत्या के एक मामले में आरोपी को जमानत देने वाले पंजाब एवं हरियाणा हाई कोर्ट के आदेश को खारिज कर दिया है।

अदालत ने क्या कहा?
जस्टिस प्रशांत कुमार मिश्रा और जस्टिस श्री चंद्रशेखर की पीठ ने अपने आदेश में रेखांकित किया कि त्वरित सुनवाई का अधिकार संविधान के अनुच्छेद-21 का एक अहम हिस्सा है। हालांकि, जब कोई आरोपी किसी गंभीर या जघन्य अपराध में लिप्त हो, तो व्यक्तिगत अधिकारों के साथ-साथ समाज और पीड़ित परिवार के हितों को भी ध्यान में रखना आवश्यक होता है।
जमानत याचिका में छुपाई गई थी जानकारी
सुनवाई के दौरान यह बात सामने आई कि आरोपी की पुरानी दोषसिद्धि और अन्य मामलों में उसकी संलिप्तता की जानकारी हाई कोर्ट के समक्ष स्पष्ट रूप से नहीं रखी गई थी। आरोपी ने जेल में पांच साल से अधिक समय बिताने का हवाला देकर जमानत हासिल की थी। हालांकि, शीर्ष अदालत ने पाया कि याचिका दाखिल करते समय उसने अपनी पिछली आपराधिक पृष्ठभूमि और दोषसिद्धि से जुड़े तथ्यों को छिपाया था।
संतुलन बनाए रखना जरूरी
पीठ ने इस बात पर जोर दिया कि अदालतों का यह कर्तव्य है कि वे बहु-अपराधी पृष्ठभूमि वाले व्यक्तियों को जमानत देते समय त्वरित सुनवाई के अधिकार और सामाजिक सुरक्षा के बीच उचित संतुलन कायम रखें। खासकर तब जब अदालत के समक्ष गलत तथ्य रखकर राहत प्राप्त की गई हो। इस मामले में आरोपी ने तब अपराध किया था जब वह पहले से ही हत्या के प्रयास के एक मामले में जमानत पर था।
आरोपी को सरेंडर करने का निर्देश
मामले की गंभीरता को देखते हुए सुप्रीम कोर्ट ने हाई कोर्ट के जमानत आदेश को पूरी तरह से रद्द कर दिया है। साथ ही, संबंधित आरोपी को एक सप्ताह के भीतर अदालत के समक्ष आत्मसमर्पण करने का सख्त निर्देश दिया गया है।

