प्रसिद्ध कॉमेडियन समय रैना ने यूट्यूब की दुनिया में एक नया मुतिहास रच दिया है। वह दुनिया के पहले ऐसे यूट्यूब क्रिएटर बन गए हैं, जिनके चैनल पर 1 मिलियन यानी 10 लाख से अधिक पेड मेंबर्स हो गए हैं। इस उपलब्धि के साथ उन्होंने डिजिटल कंटेंट की दुनिया में एक नया रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया है।

यूट्यूब ने गूगल इंडिया ब्लॉग पर इस बात की पुष्टि की है। मंच ने समय रैना की सराहना करते हुए कहा कि उन्होंने अपने कंटेंट और शो के माध्यम से दर्शकों के साथ एक मजबूत रिश्ता बनाया है। यूट्यूब टीम के अनुसार, समय ने अपने चैनल को लाखों लोगों के लिए एक बेहतरीन वर्चुअल अड्डा बना दिया है, जहां लोग ग्रैंडमास्टर्स के साथ बातचीत से लेकर ‘इंडिया गॉट लेटेंट’ जैसे चर्चित शो का आनंद लेते हैं।
भारतीय दर्शकों का बढ़ता समर्थन
प्लेटफॉर्म का यह भी कहना है कि समय की यह उपलब्धि भारतीय दर्शकों के बीच एक बड़े सांस्कृतिक बदलाव को दर्शाती है, जहां लोग अब अपने पसंदीदा रचनाकारों का आर्थिक रूप से समर्थन करने के लिए आगे आ रहे हैं। आंकड़ों के मुताबिक, केवल जून 2026 में भारत में 1.2 मिलियन से अधिक प्रशंसकों ने यूट्यूब चैनल मेंबरशिप खरीदी थी, जिससे भारतीय क्रिएटर्स की राजस्व वृद्धि में भी इजाफा हुआ है। वर्तमान में इस लोकप्रिय कॉमेडियन के प्लेटफॉर्म पर 12.4 मिलियन से अधिक सब्सक्राइबर हैं।
कठिन दौर के बाद शानदार वापसी
समय रैना के लिए यह मुकाम इसलिए भी खास है क्योंकि उन्हें पिछले साल फरवरी 2025 में ‘इंडिया गॉट लेटेंट’ शो से जुड़े एक बड़े विवाद के बाद मुश्किल दौर से गुजरना पड़ा था। उस समय विवाद बढ़ने के बाद उन्होंने शो के सभी एपिसोड हटा दिए थे। हालांकि, इसके बाद उन्होंने अपने कॉमेडी स्पेशल ‘स्टिल अलाइव’ और ‘इंडिया गॉट लेटेंट’ के दूसरे सीजन के साथ जबरदस्त वापसी की, जिसे दर्शकों का भरपूर प्यार मिला। नए सीजन में कई जाने-माने सितारे भी पैनलिस्ट के रूप में नजर आए।

