टिहरी। नरेंद्रनगर वन प्रभाग, मुनि की रेती में वन अग्नि नियंत्रण कार्यों की तैयारियों का निरीक्षण करने के लिए माननीय सर्वोच्च न्यायालय, नई दिल्ली से वरिष्ठ अधिवक्ता राजीव के नेतृत्व में एक उच्चस्तरीय दल पहुंचा।
निरीक्षण के दौरान अपर प्रमुख वन संरक्षक निशांक वर्मा, वन संरक्षक भागीरथी वृत्त धर्म सिंह मीणा तथा प्रभागीय वन अधिकारी जीवन मोहन दगाड़े भी उपस्थित रहे।
दल ने बेमुंडा क्रू स्टेशन और कुशरेला क्रू स्टेशन का निरीक्षण कर वहाँ की तैयारियों का जायजा लिया। इसके साथ ही मार्ग में पड़ने वाले विभिन्न वन क्षेत्रों का भी अवलोकन किया गया।
निरीक्षण के बाद माननीय न्यायालय के दल ने वन विभाग की तैयारियों पर संतोष व्यक्त किया और कर्मचारियों से नई ऊर्जा के साथ कार्य करने का आह्वान किया। निरीक्षण के दौरान फायर वॉचरों से भी संवाद स्थापित कर उनके अनुभव और समस्याएं जानी गईं।
इस मौके पर अपर प्रमुख वन संरक्षक निशांक वर्मा ने उत्तराखंड वन विभाग द्वारा वन अग्नि नियंत्रण हेतु किए जा रहे विभिन्न प्रयासों की विस्तार से जानकारी दी।
कार्यक्रम में उप प्रभागीय वन अधिकारी किशोर नौटियाल, वन क्षेत्राधिकारी विवेक जोशी, और वन आरक्षी निशा पंवार, निधि असवाल और निशा धानोल भी उपस्थित रहे।