देहरादून के क्लेमेनटाउन थाना क्षेत्र में सोमवार सुबह एक महिला की गोली मारकर हत्या कर दी गई। मृतका की पहचान 26 वर्षीय काजल के रूप में हुई है, और उसका शव एक प्लॉट के अंदर बने कमरे से बरामद किया गया है।

पति ने खुद दी थी हत्या की सूचना
पुलिस के अनुसार, सोमवार सुबह करीब छह बजे आरोपी पति धीरज पंवार ने पुलिस कंट्रोल रूम को फोन करके बताया कि उसने अपनी पत्नी की हत्या कर दी है। इसके बाद उसका फोन स्विच ऑफ हो गया। पुलिस ने लोकेशन के आधार पर तलाश शुरू की और स्थानीय लोगों से पूछताछ के बाद एक प्लॉट के कमरे तक पहुँची, जहाँ काजल का शव मिला। शुरुआती जाँच में मौत का कारण गोली लगना सामने आया है।
आपसी विवाद के चलते हुई घटना
मृतका मूल रूप से मुजफ्फरनगर के पुरकाजी थाना क्षेत्र की रहने वाली थी और यहाँ अपने पति के साथ सुभाष नगर के ईदगाह रोड पर रह रही थी। मृतका के भाई ने पुलिस को दी गई शिकायत में बताया कि पति-पत्नी के बीच पिछले कुछ दिनों से लगातार विवाद चल रहा था। भाई की तहरीर पर पुलिस ने आरोपी पति के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर लिया है।

आरोपी की तलाश में जुटी पुलिस
घटना के बाद से फरार चल रहे आरोपी पति की तलाश के लिए पुलिस ने कई टीमों का गठन किया है। पुलिस घटनास्थल से मिले साक्ष्यों, कॉल डिटेल्स और अन्य तकनीकी पहलुओं की गहराई से जाँच कर रही है ताकि घटना के असली कारणों का पूरी तरह खुलासा हो सके।

