केंद्रीय जांच ब्यूरो (CBI) ने अन्य केंद्रीय एजेंसियों के साथ मिलकर एक बड़ी कार्रवाई करते हुए महादेव ऑनलाइन सट्टेबाजी ऐप के मुख्य सरगना सौरभ चंद्राकर को ओमान से भारत वापस ले लिया है। सीबीआई की एक विशेष टीम मस्कट से आरोपी को अपनी हिरासत में लेकर भारत लौटी है, जहां उसका मेडिकल परीक्षण कराने के बाद ट्रांजिट रिमांड पर रायपुर ले जाया जा रहा है।

अदालत में होगी पेशी
भारत लाए जाने के बाद आरोपी को सोमवार को सीबीआई की विशेष अदालत के समक्ष पेश किया जाएगा। सौरभ चंद्राकर सीबीआई के दो प्रमुख मामलों में मुख्य आरोपी है और जांच एजेंसी इन मामलों में पहले ही चार्जशीट दाखिल कर चुकी है। इसके अलावा, प्रवर्तन निदेशालय (ED) भी उसके खिलाफ मनी लॉन्ड्रिंग के मामलों में कार्रवाई कर रहा है और उसकी देश-विदेश की कई संपत्तियों को पहले ही जब्त किया जा चुका है।
कैसे चलता था अवैध नेटवर्क
जांच में यह सामने आया है कि महादेव ऐप देश के सबसे बड़े अवैध ऑनलाइन सट्टेबाजी नेटवर्कों में से एक था, जिसका संचालन विदेश से किया जा रहा था। इस नेटवर्क के जरिए क्रिकेट, फुटबॉल और ताश के खेलों जैसे विभिन्न आयोजनों पर सट्टा लगवाया जाता था। इसके लिए कई पैनलों और शाखाओं का एक विस्तृत जाल फैलाया गया था।
हवाला के जरिए विदेशों में भेजा जाता था धन
सट्टेबाजी के जरिए जुटाई जाने वाली करोड़ों रुपये की अवैध रकम को पहले फर्जी बैंक खातों में जमा किया जाता था। इसके बाद इस धनराशि को हवाला चैनलों के माध्यम से विदेशों में भेजा जाता था। अब केंद्रीय जांच एजेंसी हिरासत में लेकर इस पूरे नेटवर्क, फंडिंग के तरीकों और अन्य सहयोगियों के बारे में पूछताछ करेगी। छत्तीसगढ़ सरकार के अनुरोध पर ही सीबीआई ने इस मामले की जांच अपने हाथों में ली थी।

