हरियाणा के गुरुग्राम में एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है, जहां झुग्गी-झोपड़ी में रहने वाले बच्चों को पढ़ाने और अन्य सामान का लालच देकर कथित तौर पर धर्म परिवर्तन के लिए प्रेरित करने के आरोप में चार महिलाओं को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस अधिकारियों ने रविवार को इस कार्रवाई की जानकारी दी है। पुलिस ने घाटा गांव में स्थित एक अस्थायी ‘पाठशाला’ पर छापेमारी कर इन महिलाओं को पकड़ा है।

शिकायत मिलने के बाद पुलिस की कार्रवाई
पुलिस के अनुसार, सेक्टर 56 थाने में शनिवार को एक स्थानीय व्यक्ति ने इस मामले में शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायतकर्ता ने आरोप लगाया था कि कुछ महिलाएं एसपीआर रोड के पास स्थित घाटा गांव में कच्चे कमरों में झुग्गी-झोपड़ी के बच्चों के लिए कक्षाएं चला रही हैं। आरोप है कि ये महिलाएं बच्चों को पढ़ाई और खाने-पीने की वस्तुएं देने के बहाने ईसाई धर्म अपनाने के लिए प्रेरित कर रही थीं। सूचना मिलते ही पुलिस की एक टीम मौके पर पहुंची और चारों महिलाओं को हिरासत में ले लिया।
अलग-अलग पेशों से जुड़ी हैं आरोपी महिलाएं
जांच के दौरान पकड़ी गई महिलाओं की पहचान दिल्ली के आजादपुर निवासी सुमन कुमारी (21), मणिपुर के बिष्णुपुर जिले की रहने वाली राजकुमारी चाओबा सिंह (36), नेपाल मूल की अस्मिता चाहर (35) और मिजोरम की लालनुनपुई (31) के रूप में हुई है। पुलिस पूछताछ में सामने आया है कि आरोपी महिलाएं अलग-अलग क्षेत्रों में कार्यरत थीं। इनमें से एक निजी कंपनी में एचआर प्रोफेशनल, एक लीड एनालिस्ट, एक कैंसर मरीजों के साथ वॉलंटियर और एक बीएड की तैयारी कर रही छात्रा है।
कानूनी कार्रवाई और बरामदगी
प्रारंभिक जांच के बाद पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ ‘हरियाणा गैर-कानूनी धर्म परिवर्तन रोकथाम अधिनियम, 2022’ और भारतीय न्याय संहिता की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया है। अधिकारियों का कहना है कि ये महिलाएं पिछले एक साल से हर शनिवार को दिल्ली से गुरुग्राम आ रही थीं और बच्चों को लुभाने के लिए यह गतिविधियां चला रही थीं। मौके से एक सीसीटीवी कैमरा और एक मोबाइल फोन भी बरामद किया गया है, तथा पुलिस मामले की गहनता से जांच कर रही है।

